भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर ने बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समीरपुर मंडल एवं महिला पतंजलि योग समिति के सहयोग से गगनेहड़ी स्थित शिव मंदिर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महिला पतंजलि योग समिति की प्रदेश मीडिया संयोजक सरिता भारवाल, पूर्व विधायक एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी, समीरपुर मंडल अध्यक्ष अभयवीर लवली, सपना कुमारी, रीना कुमारी सहित बड़ी संख्या में योग प्रशिक्षु एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अनुपम देन है। भारतीय मान्यताओं में आदि योगी भगवान शिव को योग का प्रथम प्रवर्तक माना जाता है, जबकि महर्षि पतंजलि ने योग के सिद्धांतों को व्यवस्थित कर जनमानस तक पहुंचाने का कार्य किया। आज योग विश्वभर में स्वास्थ्य, संतुलन और आत्मिक शांति का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हुई, और उनके प्रयासों के कारण ही आज पूरा विश्व 12-वां अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस मना रहा है।
राकेश ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय परंपरा में ग्रीष्म अयनांत का विशेष महत्व है। वर्ष के इस कालखंड में सूर्य की किरणें उत्तरी गोलार्द्ध पर सर्वाधिक प्रभाव डालती हैं और यह वर्ष का सबसे लंबा दिन माना जाता है। प्रकृति और ऊर्जा के इस विशेष संतुलन के बीच योग साधना शरीर, मन और आत्मा को सशक्त बनाने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है और भारत की सांस्कृतिक विरासत पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का संदेश दे रही है।
उधर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भोरंज भाजपा मंडल द्वारा जलाहू स्थित शिव मंदिर परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान सहित भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन एवं निरोगी भारत का संदेश दिया।
पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। योग न केवल रोगों से बचाव का माध्यम है, बल्कि यह सकारात्मक जीवनशैली और आत्मानुशासन का भी आधार है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर, वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक देव राज शर्मा, जिला उपाध्यक्ष विपिन अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।