बड़सर में कांग्रेस सरकार के खिलाफ उमड़ा जनसैलाब, भाजपा ने खोला जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मोर्चा

क्षेत्र की अनदेखी पर प्रदेश सरकार के खिलाफ गरजे लखनपाल

बड़सर में कांग्रेस सरकार के खिलाफ उमड़ा जनसैलाब, भाजपा ने खोला जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मोर्चा
बड़सर विधानसभा क्षेत्र के मैहरे में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा जनआक्रोश प्रदर्शन करते हुए जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के नेतृत्व में आयोजित विशाल धरना-प्रदर्शन और जनआक्रोश रैली में हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। प्रदर्शन के बाद भाजपा ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा। रैली को संबोधित करते हुए विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद सरकार ने विकास कार्यों पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्था चरम पर है। कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं, किसान परेशान हैं और आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए भटक रही है। लखनपाल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री लगातार बड़सर विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी कर रहे हैं और चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरी तरह भूल चुके हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार देने का दावा करने वाली सरकार ने बड़सर के युवाओं के अधिकारों की अनदेखी कर उन्हें रोजगार से वंचित किया है, जबकि नौकरियों का लाभ अन्य क्षेत्रों, विशेषकर नादौन, तक सीमित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बड़सर के लिए करोड़ों रुपये का क्रिटिकल केयर सेंटर स्वीकृत किया, लेकिन प्रदेश सरकार आज तक उसका निर्माण कार्य शुरू नहीं करवा सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों की स्थिति बदहाल है। जल शक्ति विभाग में पाइप नहीं हैं, बिजली विभाग में तार और पोल की कमी है, शिक्षण संस्थानों में स्टाफ नहीं है, अस्पतालों में डॉक्टरों के पद खाली पड़े हैं और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लोगों को दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है। लखनपाल ने कहा कि बिझड़ी में कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार होने के बावजूद आज तक धरातल पर कोई प्रगति दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। भाजपा नेताओं ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार चुनावी वादों को भूलकर केवल राजनीतिक प्रतिशोध और झूठे प्रचार की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कथित जनविरोधी नीतियों से त्रस्त हो चुकी है और हर वर्ग में सरकार के प्रति भारी नाराजगी है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं, नई योजनाएं केवल कागजों तक सीमित हैं तथा जनता की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। नेताओं ने कहा कि सरकार की कथित विफलताओं के खिलाफ शुरू हुआ यह जनआक्रोश आने वाले समय में बड़े जन आंदोलन का रूप लेगा।