'वन नेशन, वन इलेक्शन' पर गठित संयुक्त संसदीय समिति ने गोवा के राज्यपाल से की भेंट

लोक भवन में हुई सार्थक चर्चा, चुनावी सुधारों और समवर्ती चुनावों के विभिन्न आयामों पर हुआ विस्तृत विचार-विमर्श

'वन नेशन, वन इलेक्शन' पर गठित संयुक्त संसदीय समिति ने गोवा के राज्यपाल से की भेंट
वन नेशन, वन इलेक्शन' विषय पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) ने अपने देशव्यापी अध्ययन दौरे के तहत गोवा के राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू से डोना पाउला स्थित लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने समिति के प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत किया। यह बैठक देश में चुनावी सुधारों को लेकर समिति द्वारा विभिन्न राज्यों में किए जा रहे व्यापक परामर्श का महत्वपूर्ण हिस्सा रही। बैठक के दौरान समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने 'वन नेशन, वन इलेक्शन' की अवधारणा पर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा की। विचार-विमर्श में लोकसभा और सभी राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराने से होने वाले संभावित लाभों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान बार-बार होने वाले चुनावों से उत्पन्न प्रशासनिक और वित्तीय बोझ को कम करने, चुनावी व्यय में कमी लाने, आदर्श आचार संहिता के लगातार लागू रहने से विकास कार्यों एवं नीतिगत निर्णयों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने तथा सहकारी संघवाद को और अधिक सुदृढ़ बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए गए। बैठक के उपरांत सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू का व्यापक प्रशासनिक अनुभव, सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा उनके बहुमूल्य सुझाव समिति के अध्ययन के लिए अत्यंत उपयोगी रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका दीर्घ सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति समर्पण सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि गोवा सौभाग्यशाली है कि उसे एक अनुभवी, दूरदर्शी और सहज उपलब्ध राज्यपाल का मार्गदर्शन प्राप्त है।