भाजपा जिला महिला मोर्चा हमीरपुर की परिचायक बैठक आज भाजपा जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विशेष अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डेज़ी ठाकुर तथा भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर उपस्थित रहे।
बैठक में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, भाजपा प्रदेश सचिव वंदना योगी, बड़सर से विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, हमीरपुर से विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा एवं विजय अग्निहोत्री, भाजपा जिला महामंत्री अजय रिंटू सहित महिला मोर्चा की वरिष्ठ पदाधिकारी राजकुमारी ठाकुर, सुमन चौहान, सुमन कापिल तथा बड़ी संख्या में अन्य पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
डेज़ी ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा महिला मोर्चा देशभर में महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा जैसी योजनाओं से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे केंद्र सरकार की इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा ने महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक मजबूती, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क के माध्यम से ही पार्टी की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
अर्चना चौहान ने कहा कि परिचायक बैठक का उद्देश्य नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को भाजपा की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली एवं महिला मोर्चा की भूमिका से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला महिला मोर्चा भविष्य में प्रशिक्षण शिविरों, महिला सम्मेलन एवं जनजागरण अभियानों के माध्यम से संगठन को और अधिक सशक्त करेगा।
राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा की चुनावी और संगठनात्मक सफलता में महिला मोर्चा की भूमिका सदैव निर्णायक रही है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की सक्रियता से पार्टी की नीतियां घर–घर तक पहुंचती हैं और संगठन को मजबूती मिलती है। उन्होंने महिला मोर्चा के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक के पश्चात सभी उपस्थित गणमान्य जन समीरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रो. धूमल ने महिला मोर्चा के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा महिला मोर्चा ने राष्ट्र निर्माण और संगठन को मजबूत करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ही सशक्त संगठन और सशक्त भारत का निर्माण संभव है, और महिला मोर्चा इस दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य कर रहा है।