भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर की मासिक बैठक शुक्रवार को बड़सर में आयोजित की गई। यह बैठक दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के सफल समापन के अगले ही दिन आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने की। बैठक में जिला प्रभारी एवं प्रदेश सचिव अमित ठाकुर, जिला सह-प्रभारी प्रियव्रत शर्मा, जिला के पदाधिकारी, मोर्चों-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष व संयोजक, तथा जिला हमीरपुर के सभी 10 मंडलों के मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भारतीय जनता पार्टी के विस्तार और संगठन की मजबूत नींव रखने वाले 80 के दशक के वरिष्ठतम कार्यकर्ताओं को उनके घर जाकर सम्मानित किया जाएगा। उस दौर में, जब भारतीय जनता पार्टी अपने विस्तार के प्रारंभिक चरण में थी, तब इन समर्पित कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पार्टी ने उनके संघर्ष, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा को सम्मान देने का निर्णय लिया है।
बैठक के दौरान संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। पार्टी द्वारा हाल ही में संपन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा आगामी गतिविधियों को योजनाबद्ध ढंग से संचालित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के समर्पण और संगठनात्मक संस्कारों के कारण आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान केवल उनका अभिनंदन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं को संगठन की गौरवशाली यात्रा और संघर्ष की प्रेरणा से जोड़ने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है।