भाजपा ने सुक्खू सरकार के खिलाफ बिझड़ी और सुजानपुर में किया जोरदार विरोध प्रदर्शन; राजिंदर राणा और इंदरदत्त लखनपाल ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

भाजपा ने सुक्खू सरकार के खिलाफ बिझड़ी और सुजानपुर में किया जोरदार विरोध प्रदर्शन; राजिंदर राणा और इंदरदत्त लखनपाल ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी द्वारा विधायक इंदरदत्त लखनपाल और प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राजिंदर राणा के नेतृत्व में बिझड़ी और सुजानपुर में ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए। इन प्रदर्शनों में उमड़े जनसैलाब ने स्पष्ट संकेत दिया कि प्रदेश की जनता सरकार की विफलताओं और वादाखिलाफी से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने हाथों में पार्टी के झंडे और सरकार विरोधी तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की, जिससे पूरे क्षेत्र में जनाक्रोश का माहौल देखने को मिला। बिझड़ी में आयोजित प्रदर्शन के दौरान विधायक इंदरदत्त लखनपाल ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार अपनी 10 चुनावी गारंटियों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की फिजूलखर्ची के कारण प्रदेश की आर्थिक स्थिति चरमरा गई है और वित्तीय संकट जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इंदरदत्त लखनपाल ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई हिमकेयर और सहारा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर गरीब और जरूरतमंद वर्ग के अधिकारों पर सीधा प्रहार किया गया है। महिलाओं को ₹1500 देने, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने और पांच लाख रोजगार देने जैसी बड़ी-बड़ी गारंटियां आज तक पूरी नहीं हो सकी हैं, जो सरकार की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि ढटवाल क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, बाबा बालक नाथ मंदिर में स्थाई अधिकारी की नियुक्ति न होना आस्था के साथ खिलवाड़ है। बड़सर में सड़कों की टायरिंग के लिए बजट का अभाव, ठेकेदारों की लंबित पेमेंट, बिझड़ी में सामुदायिक भवन का निर्माण न होना और अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी जैसी समस्याएं आम जनता को प्रताड़ित कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त है। वहीं, भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजिंदर राणा ने सुजानपुर में आयोजित सरकार-विरोध रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सड़कों की हालत दयनीय है, पेयजल व्यवस्था चरमरा चुकी है और स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से प्रभावित हैं, लेकिन सरकार और उसके मंत्री इन समस्याओं से बेपरवाह हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाओं और दिखावे की राजनीति कर रही है, जबकि धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं हो रहा और प्रदेश में “मित्रों का राज” स्थापित हो चुका है। राजिंदर राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और महिलाओं तक को नहीं बख्श रही है। कुछ महिला कर्मचारियों को दूर-दराज के इलाकों में स्थानांतरित कर प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को नहीं भरा जा रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि बुढ़ापा पेंशन और सहारा पेंशन को बंद करने से बुजुर्ग और गरीब वर्ग संकट में हैं, जबकि सुजानपुर में सड़क, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं के विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हुए हैं। राणा और लखनपाल ने कहा कि भाजपा जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही अपनी नीतियों में सुधार नहीं किया, तो भाजपा प्रदेशभर में और बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।