राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष शर्मा ने एक अनुकरणीय पहल की शुरुआत की है। नारायण सेवा संस्थान के तत्वाधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के तहत विधायक आशीष शर्मा ने विधानसभा क्षेत्र के 90 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी 22 वयोवृद्ध शिक्षकों के घर-घर जाकर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक आशीष शर्मा ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शन करते हैं और उन्होंने देश को कई महान हस्तियां दी हैं। माता-पिता के बाद शिक्षक ही बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।
ऐसे वयोवृद्ध गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त करना सौभाग्य की बात है। सम्मान पाकर भावुक हुए सेवानिवृत्त शिक्षकों ने कहा कि उनके जीवन में यह पहला अवसर है जब शिक्षक दिवस पर कोई जनप्रतिनिधि स्वयं उनके घर आकर उन्हें सम्मानित कर रहा है। इससे पहले केवल कार्यक्रमों में ही बुलाया जाता था। सभी शिक्षकों ने विधायक की इस मानवीय और अनुकरणीय पहल की प्रशंसा की। नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष रसील सिंह मनकोटिया ने विधायक आशीष शर्मा की इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताते हुए उनका साधुवाद व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम के दौरान नारायण सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष रोशन लाल शर्मा, पदाधिकारी प्यारे लाल शर्मा, अजय शर्मा, जिला परिषद सदस्य सुरेश सोनी, सोनी कुमार, सभी बूथ अध्यक्ष, ग्राम केंद्र अध्यक्ष एवं पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।