मेरे नाम पर भ्रामक पोस्ट और विधानसभा चुनावों को लेकर अटकलें फैलाने से बचें, अनुशासन सर्वोपरि: अनुराग सिंह ठाकुर

मेरे नाम पर भ्रामक पोस्ट और विधानसभा चुनावों को लेकर अटकलें फैलाने से बचें, अनुशासन सर्वोपरि: अनुराग सिंह ठाकुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से प्रसारित हो रही भ्रामक पोस्ट, अनर्गल खबरों और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर की जा रही अटकलों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए जनता से ऐसी सामग्री से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत राजनीतिक दावेदारी से जुड़ी भ्रामक खबरें फैलाने वाले लोग न तो भाजपा का हित कर रहे हैं और न ही उनके हितैषी हैं। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और हम सभी इसके कार्यकर्ता हैं। भाजपा में पद से अधिक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता का भाव, संगठन के प्रति निष्ठा और दायित्वों का निर्वहन है। वे भी एक कार्यकर्ता के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं से अपेक्षा रहती है कि वे पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप देश एवं प्रदेश के हित में कार्य करें। ऐसे में सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं से जोड़कर भ्रामक पोस्ट करना और निराधार खबरें प्रसारित करना दुर्भाग्यपूर्ण है। सभी को पार्टी की लाइन का अनुसरण करते हुए अनुशासन बनाए रखना चाहिए। इस प्रकार की गतिविधियां न तो संगठन के हित में हैं और न ही उनके। ठाकुर ने कहा कि सोशल मीडिया के विभिन्न हैंडल पर आए दिन उनके विधानसभा चुनाव लड़ने और हिमाचल प्रदेश का नेतृत्व करने जैसी खबरें प्रसारित की जाती हैं। यहां तक कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से उनकी दावेदारी दर्शाने वाले क्रिएटिव तैयार कर प्रचारित किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे अनावश्यक और भ्रामक प्रचार करार देते हुए लोगों से ऐसी सामग्री बनाने, पोस्ट करने और आगे प्रसारित करने से बचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता ने लगातार पांच बार उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर लोकसभा में क्षेत्र की आवाज उठाने का अवसर दिया है। वे जनता के इस विश्वास के प्रति कृतज्ञ हैं और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने में विश्वास रखते हैं। अनुराग सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उनके नाम से किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या निराधार दावेदारी फैलाने से बचें। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध पार्टी नेतृत्व द्वारा अनुशासनात्मक कार्यवाही भी की जा सकती है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आह्वान किया कि व्यक्तिगत अटकलों और भ्रामक प्रचार के बजाय संगठन की मजबूती तथा आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने के लक्ष्य के लिए एकजुट होकर कार्य करें।