वंदे मातरम् के पूर्ण गायन से कांग्रेस का इनकार राष्ट्र और संविधान का अपमान: अनुराग सिंह ठाकुर

कहा - क्या कांग्रेस नेताओं के पास 3 मिनट 10 सेकेंड भी नहीं हैं सम्पूर्ण वंदे मातरम् गाने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति में कांग्रेस बार-बार 140 करोड़ भारतीयों और बंकिम चंद्र चटर्जी का कर रही अपमान

वंदे मातरम् के पूर्ण गायन से कांग्रेस का इनकार राष्ट्र और संविधान का अपमान: अनुराग सिंह ठाकुर
कांग्रेस वर्किंग कमेटी द्वारा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के पूर्ण गायन से परहेज करने के निर्णय पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का यह फैसला पूरी तरह राष्ट्रविरोधी, संविधान विरोधी और संसद विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। तुष्टिकरण की राजनीति में डूबी कांग्रेस अब राष्ट्रीय गीत के सम्मान को भी राजनीतिक चश्मे से देखने लगी है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, राष्ट्रभक्ति और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इसी वंदे मातरम् ने देशवासियों में राष्ट्रभावना और स्वाधीनता की चेतना जगाने का काम किया था। ऐसे राष्ट्रीय गीत के पूर्ण गायन से कांग्रेस का परहेज करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और गांधी परिवार की तुष्टिकरण की राजनीति इतनी हावी हो चुकी है कि वे 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं और वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चटर्जी के योगदान का बार-बार अपमान करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि राष्ट्र के सम्मान और राष्ट्रीय प्रतीकों के साथ राजनीति नहीं की जा सकती। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस आज संविधान की दुहाई देती है, लेकिन उसे यह भी याद रखना चाहिए कि संविधान की मूल भावना राष्ट्र की एकता, अखंडता और नागरिकों में राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने की है। संसद में राष्ट्रीय गीत के सम्मान और उसके ऐतिहासिक महत्व को लेकर देश की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए, न कि वोट बैंक की राजनीति के लिए उसमें विभाजनकारी दृष्टिकोण तलाशा जाए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस कांग्रेस ने सत्ता की राजनीति के लिए देश का विभाजन स्वीकार किया, आज उसके नेताओं और गांधी परिवार के ऐसे निर्णय यह सवाल खड़ा करते हैं कि आखिर कांग्रेस के आज के मंसूबे क्या हैं? क्या तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस फिर से देश की एकता और राष्ट्रीय भावनाओं के साथ खिलवाड़ करना चाहती है? अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की इस राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है। वंदे मातरम् का सम्मान किसी दल, जाति या धर्म का विषय नहीं, बल्कि भारत माता और 140 करोड़ देशवासियों के सम्मान का विषय है। कांग्रेस को अपनी राजनीतिक मजबूरियों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित और राष्ट्रीय भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की जनता राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान और तुष्टिकरण की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी तथा हर भारतीय के मन में वंदे मातरम् का सम्मान सदैव सर्वोच्च रहेगा।