मिस यूनिवर्स-हिमाचल प्रदेश एवं मिस टीन-हिमाचल प्रदेश प्रतियोगिता का फाइनल बुधवार देर रात को बड़ू के बासी पैलेस में आयोजित किया गया। इस प्रतियोगिता के विभिन्न राउंडों के दौरान राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा और मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (इनोवेशन, डिजिटल टैक्नोलॉजीज एंड गवर्नेंस) गोकुल बुटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर दोनों प्रतियोगिताओं के आयोजकों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से हिमाचली युवतियों को एक बेहतरीन मंच मिला है और इसके माध्यम से वे राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम होंगी।
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (इनोवेशन, डिजिटल टैक्नोलॉजीज एंड गवर्नेंस) गोकुल बुटेल ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में भी अवश्य भाग लेना चाहिए। क्योंकि, इनमें भाग लेने से बच्चों एवं युवाओं के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है और वे जीवन में आगे बढ़ने में सक्षम होते हैं। ऐसी गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में मिस यूनिवर्स-हिमाचल प्रदेश एवं मिस टीन-हिमाचल प्रदेश प्रतियोगिता भी शामिल है। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने से लड़कियों एवं युवतियों का आत्मविश्वास बढ़ता है, जिससे वे सिर्फ मॉडलिंग के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ती हैं। गोकुल बुटेल ने अपने व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किए और मिस यूनिवर्स-हिमाचल प्रदेश एवं मिस टीन-हिमाचल प्रदेश प्रतियोगिता के बेहतरीन प्रबंधों के लिए आयोजकों की सराहना भी की।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, आयोजक बेविन अत्री, डॉ. कैप्टन उदय, प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल की सदस्यों, प्रतियोगिता के मार्गदर्शकों एवं सौंदर्य प्रतियोगिताओं की पूर्व विजेताओं ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्द्धन किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।