हमीरपुर, शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके आर्यनस द गुरु, हमीरपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता सिद्ध की है। वर्ष 2026 में अकादमी के दो मेधावी छात्र तनव बनियाल एवं अंशुमन गौतम ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की प्रवेश परीक्षा तथा SSB साक्षात्कार सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अखिल भारतीय मेरिट के आधार पर जुलाई 2026 में नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA), पुणे में प्रवेश प्राप्त किया है। इनमें अंशुमन गौतम का चयन भारतीय वायुसेना के लिए होना विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।
इस अवसर पर अकादमी के अध्यक्ष योग प्रकाश नन्दा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि आर्यनस द गुरु का लगातार छठे वर्ष NDA में अंतिम चयन का गौरवशाली क्रम कायम है, जो हिमाचल प्रदेश के निजी शिक्षण संस्थानों के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व वर्ष 2020-21 में एकांत शर्मा, 2022 में संस्कार डौड, 2023 में कार्तिक शर्मा, 2024 में आर्यन राठौर तथा 2025 में अनुज शर्मा एवं रक्षित ने NDA, पुणे में प्रवेश प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त आदित्य राणा ने टेक्निकल एंट्री स्कीम (TES) के माध्यम से मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (MCTE), महू में प्रवेश प्राप्त किया। सफल प्रशिक्षण के पश्चात ये सभी भारतीय सेना एवं भारतीय वायुसेना में स्थायी कमीशन प्राप्त कर अधिकारी के रूप में देश की सेवा करेंगे।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय संस्थान की समर्पित शिक्षकीय टीम, विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत तथा अभिभावकों के विश्वास को दिया।
अकादमी के प्रबंध निदेशक आदित्य नन्दा ने बताया कि NDA के अतिरिक्त संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा के माध्यम से ऋषव कुमार ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA), चेन्नई से प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में सेवाएं प्रारंभ कर दी हैं। इस प्रकार अब तक संस्थान के 10 छात्र भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने के लिए चयनित हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि अकादमी के छात्र अखिल शर्मा, कार्तिक शर्मा एवं गौरव शर्मा वर्तमान में मर्चेंट नेवी के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वहीं मई 2026 में आयोजित IMU-CET परीक्षा में भी संस्थान के 10 छात्रों ने एक साथ सफलता प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
उन्होंने बताया कि अकादमी के विद्यार्थी IIT गांधीनगर, IIT खड़गपुर, IISER Trivandrum , NIT हमीरपुर, PGI चंडीगढ़ तथा डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त जनवरी 2026 में आयोजित सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में संस्थान के 10 में से 7 छात्र सफल रहे। इनमें रियांश ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय नौवां स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया।
श्री आदित्य नन्दा ने कहा कि आर्यनस द गुरु की सफलता का आधार केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षण ही नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी पर व्यक्तिगत ध्यान, अनुशासित वातावरण, नियमित मार्गदर्शन और परिणामोन्मुखी तैयारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी संस्थान इसी समर्पण के साथ विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाता रहेगा।