प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने रुद्र एज प्रोजेक्ट के लिए ₹3.5 करोड़ की रक्षा मंत्रालय ग्रांट पाने वाले छात्रों सर्वेश शर्मा व पीयूष शर्मा को किया सम्मानित

एशियन गेम्स में कबड्डी के स्वर्ण विजेता भारतीय महिला-पुरुष टीमों को दी बधाई

प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने रुद्र एज प्रोजेक्ट के लिए ₹3.5 करोड़ की रक्षा मंत्रालय ग्रांट पाने वाले छात्रों सर्वेश शर्मा व पीयूष शर्मा को किया सम्मानित
पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने समीरपुर स्थित अपने निवास स्थान पर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हमीरपुर में कंप्यूटर साइंस के पांचवें सेमेस्टर के छात्र सर्वेश शर्मा और पीयूष शर्मा को रुद्र एज प्रोजेक्ट के लिए रक्षा मंत्रालय से ₹3.5 करोड़ की ग्रांट स्वीकृत होने तथा ड्रोन प्राप्त होने पर सम्मानित किया। सर्वेश शर्मा द्वारा तैयार किए गए ड्रोन प्रोटोटाइप ने देश में स्वदेशी रक्षा तकनीक और युवा नवाचार की क्षमता को प्रदर्शित किया है। लगभग ₹87,000 की लागत से तैयार किए गए प्रारंभिक प्रोटोटाइप के बाद रुद्र एज टी-1 प्रोजेक्ट को रक्षा मंत्रालय से ₹3.5 करोड़ की सहायता मिली है। प्रोफेसर धूमल ने दोनों छात्रों को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और तकनीकी आत्मनिर्भरता के लिए अत्याधुनिक एवं उपयोगी तकनीक विकसित करने की दिशा में युवाओं का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा, मेहनत, रचनात्मकता और नवाचार की अपार क्षमता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सर्वेश शर्मा, पीयूष शर्मा और उनके सहयोगियों की प्रतिभा, परिश्रम एवं नवाचार की भावना से देश को भविष्य में भी नई तकनीकी उपलब्धियां प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास अन्य युवाओं को भी अनुसंधान, नवाचार और स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। *एशियन गेम्स में कबड्डी के स्वर्ण विजेता भारतीय महिला एवं पुरुष टीमों को बधाई* प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने एशियन गेम्स 2026 में कबड्डी के क्षेत्र में भारत की महिला एवं पुरुष दोनों टीमों द्वारा स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने पर सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। भारत की महिला टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से तथा पुरुष टीम ने ईरान को 40-34 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। प्रोफेसर धूमल ने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण और अथक परिश्रम का परिणाम है। विशेष रूप से गर्व की बात है कि भारतीय महिला कबड्डी टीम में हिमाचल प्रदेश की चार बेटियों ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन से देश और प्रदेश का मान बढ़ाया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की इन बेटियों सहित पूरी भारतीय कबड्डी टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और कहा कि खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने करोड़ों देशवासियों को गौरवान्वित किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारतीय खिलाड़ी भविष्य में भी इसी प्रकार देश के लिए गौरव और सम्मान अर्जित करते रहेंगे।