भाजपा प्रत्याशी घोषित होने पर अनुराग ठाकुर का हुआ भव्य स्वागत

हमीरपुर जिला भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने किया इस्तकबाल

भाजपा प्रत्याशी घोषित होने पर अनुराग ठाकुर का हुआ भव्य स्वागत

भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के उपरांत अपने गृह जिला पहुंचे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री श्री अनुराग ठाकुर जी का गुरुवार को जिला भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में पहुंचने पर पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री कमलेश कुमारी एवं बलदेव शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष देशराज शर्मा, उपाध्यक्ष अभयवीर सिंह लवली एवं उषा बिरला, महामंत्री राकेश ठाकुर एवं अजय रिन्टू, सचिव विनोद ठाकुर, मीडिया प्रभारी विकास शर्मा सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष को पदाधिकारी गण एवं समस्त जिला भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अनुराग ठाकुर जी का पुष्प मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान नादौन का माहौल भगवामयी हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा अनुराग जी को जय श्रीराम के नारे भी खूब गूंजते रहे। वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर जी ने भी समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में जो एक सशक्त नेतृत्व मिला है उसके बाद पिछले 10 वर्षों में देश का चहुंमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता ही पार्टी के उत्थान की भूमिका रखते हैं, इसलिए कार्यकर्ता आज से ही अपने कर्तव्यों को निभाने में जुट जाएं एवं बूथ स्तर पर लोगों को केंद्र की मोदी सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों के बारे में अवगत करवाएं, ताकि लोकसभा चुनाव में "नमो हैट्रिक" को कामयाब किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा 400 पार का नारा लेकर चली हुई है जिसे पूरा करना हर कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि समस्त भाजपा परिवार लोकसभा चुनाव के लिए एकजुट है एवं जीत के पूर्ण विश्वास के साथ चुनाव में जा रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा उन्हें लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह उनके लिए एक हर्ष का विषय है एवं वह अपने दायित्व को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आभार भी व्यक्त किया। इससे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मिठाइयां बांटकर उत्सव मनाया गया एवं जनता को बधाई दी गई। इस मौके पर स्थानीय व्यापारी एवं आमजन भी अनुराग ठाकुर से खूब मिलते जुलते नजर आए। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा अनुराग जी को कंधों पर उठाकर खूब जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से अपने लोकप्रिय सांसद की जीत को लेकर आश्वस्त हैं एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर जी लगातार पांचवीं बार लोकसभा की दहलीज लांघने जा रहे हैं।