कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी समिति की सिलीगुड़ी और गंगटोक में महत्वपूर्ण बैठकें

महत्वपूर्ण खनिज, अपतटीय अन्वेषण और कोयला खदान सुरक्षा पर हुआ गहन मंथन

कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी समिति की सिलीगुड़ी और गंगटोक में महत्वपूर्ण बैठकें
कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी समिति ने अपने अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सिलीगुड़ी और गंगटोक में दो दिवसीय अध्ययन दौरे के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की। इस दौरान समिति ने विभिन्न मंत्रालयों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। सिलीगुड़ी में समिति ने खान मंत्रालय, नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO), मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (MECL) तथा हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) के साथ राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन पर केंद्रित बैठकें कीं। इन बैठकों में आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत देश में महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के उपायों पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त खान मंत्रालय, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) तथा भारतीय खान ब्यूरो (IBM) के साथ अपतटीय खनिज अन्वेषण से जुड़े अवसरों एवं चुनौतियों पर भी अलग से विचार-विमर्श किया गया। दौरे के दूसरे दिन गंगटोक में समिति ने कोयला मंत्रालय, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL), नॉर्थ ईस्टर्न कोलफील्ड्स (NEC) तथा सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के प्रतिनिधियों के साथ कोयला खदानों में संरक्षण, सुरक्षा एवं अवसंरचना विकास विषय पर अनौपचारिक चर्चा में भाग लिया। इस सत्र में खदानों में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने, सतत संरक्षण उपायों को बढ़ावा देने तथा आधारभूत ढांचे के उन्नयन पर विशेष जोर दिया गया। यह अध्ययन दौरा समिति द्वारा कोयला एवं खनिज क्षेत्र की निरंतर समीक्षा का हिस्सा है। समिति के सदस्यों ने इन चर्चाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा आगे हैदराबाद में भी अपने संवाद जारी रखने का निर्णय लिया। इस दौरान प्राप्त सुझाव देश में सुरक्षित, अधिक कुशल एवं आत्मनिर्भर खनन व्यवस्था के निर्माण हेतु प्रभावी सिफारिशों के निर्धारण में सहायक सिद्ध होंगे।