पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) ने अपने पैतृक गांव चंबोह (ग्राम पंचायत चंबोह) पहुंचकर विकास, जनसेवा और सामाजिक सहयोग का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और अपने स्नेह एवं आशीर्वाद से सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत चंबोह एवं ग्राम पंचायत कोट लॉन्गसा के 10 महिला मंडलों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आवश्यक सामग्री भेंट की गई।
*प्रत्येक महिला मंडल को 20 कुर्सियां, 10 गद्दे, 2 बड़े गैस चूल्हे (भट्ठियां), 1 ढोलक एवं 1 चिमटा प्रदान किया गया।*
अपने संबोधन में नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि महिला मंडल ग्रामीण समाज की सामाजिक चेतना और विकास की सबसे मजबूत कड़ी हैं। मातृशक्ति को सशक्त बनाना ही एक समृद्ध और संस्कारित समाज की आधारशिला है।
*उन्होंने महिला मंडल चंबोह की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए लगभग ₹6 लाख की लागत से महिला मंडल भवन के निर्माण की घोषणा की।* उन्होंने कहा कि यह भवन महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों का सशक्त केंद्र बनेगा।
युवा शक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्होंने अपने *पैतृक गांव चंबोह के तीन युवा मंडलों को वॉलीबॉल किट भी भेंट की।* उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपनाकर नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें तथा अनुशासित और स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हों।
कार्यक्रम के उपरांत डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के दौरान नरेश कुमार दर्जी ने *गांव के छह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से मुलाकात की। उनकी परिस्थितियों को देखते हुए प्रत्येक परिवार को ₹5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस प्रकार कुल ₹30,000 की सहायता देकर उन्होंने जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े रहने का संदेश दिया।*
इस अवसर पर नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि उनके लिए जनसेवा राजनीति का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा का प्रत्येक परिवार उनका अपना परिवार है, और क्षेत्र का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति स्वयं को अकेला महसूस न करे, इसके लिए वे सदैव तन, मन और धन से सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।
उन्होंने अपने पैतृक गांव चंबोह के बुजुर्गों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं समस्त ग्रामवासियों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यही प्रेम उन्हें निरंतर जनहित और विकास के कार्यों के लिए प्रेरित करता है।