प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई जिला भाजपा की मासिक बैठक की शुरुआत

संगठन की मजबूती के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करें पदाधिकारी: राकेश ठाकुर

प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई जिला भाजपा की मासिक बैठक की शुरुआत
भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर की मासिक बैठक आज टौणी देवी मंदिर परिसर में जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विस्तारक अमित शर्मा, प्रदेश भाजपा सचिव और दोहरा विधानसभा की प्रभारी वंदना योगी, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान सहित जिला के पदाधिकारी तथा प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के मोर्चों-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का शुभारंभ प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के हाल ही में दिवंगत हुए पिता को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने संगठन द्वारा पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रियता, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क पर निर्भर करती है। बैठक में जिला भाजपा के सभी 10 मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने मंडलों में पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों एवं दायित्वों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। साथ ही आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों एवं अभियानों की विस्तृत जानकारी भी साझा की। बैठक में ऑनलाइन डिजिटल कोर्स, मन की बात, एक पेड़ मां के नाम अभियान, कारगिल विजय दिवस, नीट परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों के सम्मान कार्यक्रम तथा संत संपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त 15 अगस्त के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले पार्टी कार्यक्रमों एवं जनसहभागिता को लेकर विस्तृत रणनीति भी तैयार की गई। बैठक के समापन अवसर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विस्तारक अमित शर्मा ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन मंडलों में संगठनात्मक कार्यक्रम अपेक्षित स्तर पर पूर्ण नहीं हो पाए हैं, वहां भविष्य में अधिक सजगता, समन्वय और सक्रियता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी संगठन के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पूरी ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे।