भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर की जिला स्तरीय बैठक आज समीरपुर में जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिला प्रभारी एवं प्रदेश सचिव अमित ठाकुर, सह-प्रभारी प्रियव्रत शर्मा, जिला महामंत्री अजय रिंटू एवं राजेश सहगल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पदाधिकारी, जिला हमीरपुर के सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे "12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के" अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अभियान के अंतर्गत जिले भर में आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल क्रांति, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत अभियान तथा आधारभूत संरचना के व्यापक विस्तार ने देश के विकास को नई दिशा प्रदान की है।
राकेश ठाकुर ने अभियान के तहत जिले में अब तक आयोजित जनसभाओं, संगोष्ठियों, संपर्क अभियानों, लाभार्थी सम्मेलनों तथा अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक बूथ और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएं तथा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करें।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी एवं प्रदेश सचिव अमित ठाकुर ने हाल ही में संपन्न पंचायती राज चुनावों में जिला हमीरपुर में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के शानदार प्रदर्शन के लिए सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, संगठन की मजबूती तथा जनता के भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास का परिणाम है।
अमित ठाकुर ने आगामी संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए जिला एवं मंडल स्तर के विभिन्न पदाधिकारियों को दायित्व भी सौंपे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए संगठन के सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय, समयबद्ध कार्ययोजना और सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में संगठनात्मक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।