मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल, अनुराग सिंह ठाकुर सहित भाजपा नेताओं ने जताया शोक

मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल, अनुराग सिंह ठाकुर सहित भाजपा नेताओं ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। उनका निधन हिमाचल प्रदेश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। प्रोफेसर धूमल ने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने डिफेंस अकादमी में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वोच्च सम्मान स्वॉर्ड ऑफ़ ऑनर प्राप्त कर अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन का परिचय दिया था। सैन्य सेवा के बाद उन्होंने हिमाचल की राजनीति में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। विशेष रूप से कांगड़ा के हितों और क्षेत्र से जुड़े जनसरोकारों के लिए वे सदैव मुखर होकर अपनी आवाज उठाते रहे। उन्होंने कहा कि मेजर मनकोटिया का सार्वजनिक जीवन और हिमाचल के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरण किया जाएगा। प्रोफेसर धूमल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भी मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेजर मनकोटिया ने सैन्य सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने के साथ हिमाचल की राजनीति में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। वे हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री रहे और कांगड़ा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते रहे। उन्होंने प्रदेश के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया का निधन सार्वजनिक जीवन के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल एवं आशीष शर्मा तथा पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, कमलेश कुमारी, डॉ. अनिल धीमान और राजेंद्र राणा ने भी मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।