भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने सोमवार को यहां हमीर भवन में जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करके मॉनसून सीजन के दौरान किसी भी तरह की आपदा से बचाव के प्रबंधों की समीक्षा की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जन-माल की रक्षा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी अधिकारी 24 घंटे अलर्ट रहें और अपने मोबाइल फोन भी ऑन रखें। विधायक ने भूस्खलन, जलभराव, सड़क अवरोधन तथा अन्य संभावित आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे और सरकारी एवं निजी भवनों के आस-पास खतरनाक पेड़ों की पहचान करके इन्हें तुरंत हटाया जाना चाहिए। लोक निर्माण विभाग सड़कों की नालियों एवं जल निकासी के स्थानों की नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करे। जल शक्ति विभाग सभी पेयजल योजनाओं के स्रोतों एवं पाइपलाइनों को दुरुस्त रखे और किसी भी क्षेत्र में संकट उत्पन्न होने पर त्वरित कदम उठाए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और अन्य जरूरी संसाधनों का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आपात परिस्थितियों के लिए तिरपाल, कंबल एवं अन्य राहत सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।
सुरेश कुमार ने अधिकारियों से कहा कि अगर कोई क्षेत्र किसी आपदा से प्रभावित होता है तो वहां राहत एवं पुनर्वास के लिए तुरंत समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थानों पर राहत शिविरों स्थापित करने के साथ-साथ वहां पेयजल, बिजली, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पूरी व्यवस्था होनी चाहिए। राजस्व विभाग के फील्ड कर्मचारी मॉनसून के दौरान होने वाले हर छोटे-बड़े नुकसान की रिपोर्ट तुरंत जिला प्रशासन को भेजें, ताकि प्रभावित लोगों को राहत एवं मुआवजा प्रदान करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
बैठक में उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने मॉनसून सीजन के लिए किए गए आवश्यक प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एसपी बलबीर सिंह, एसडीएम संजीत सिंह, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी विभिन्न प्रबंधों से अवगत करवाया।