पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज हमीरपुर में एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल जनसेवा, पारदर्शी प्रशासन और समावेशी विकास की एक सशक्त मिसाल बनकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में देश ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की है तथा आम नागरिकों का शासन व्यवस्था पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
हमीरपुर में आयोजित "मोदी सरकार के 12 साल: विकास के नाम" कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि बीते एक दशक से अधिक समय में केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन और जवाबदेह शासन की नई कार्यसंस्कृति स्थापित की है। उन्होंने कहा कि सुशासन और विकास को प्राथमिकता दिए जाने का ही परिणाम है कि जनता का भरोसा सरकार पर लगातार बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, सौभाग्य योजना तथा जनधन योजना जैसी पहलों ने गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों के अनुसार पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकलने में सफल हुए हैं, जो सरकार की गरीब-कल्याण केंद्रित नीतियों का प्रमाण है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज भारत विश्व समुदाय के बीच एक मजबूत, आत्मनिर्भर और निर्णायक राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंचों पर भारत की भूमिका लगातार सशक्त हुई है तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत की बात को गंभीरता और सम्मान के साथ सुना जाता है। जी-20 की सफल अध्यक्षता से लेकर विभिन्न वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती भागीदारी इसका स्पष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और डिजिटल क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। डिजिटल इंडिया अभियान ने शासन और सेवाओं की पहुंच को सरल एवं पारदर्शी बनाया है। उन्होंने बताया कि वैश्विक डिजिटल भुगतान में भारत की हिस्सेदारी लगभग आधी है, जो देश की तकनीकी क्षमता और डिजिटल क्रांति की सफलता को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनका दीर्घ अनुभव देश के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने करोड़ों नागरिकों को प्रेरित किया है।
हिमाचल प्रदेश में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए सांसद ने कहा कि प्रदेश में 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कोलकाता और हिमाचल प्रदेश के बीच गुरुमुखी एक्सप्रेस रेल सेवा आरंभ होने से यात्रियों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि बहुप्रतीक्षित बिलासपुर-भानुपल्ली रेल लाइन परियोजना को भी शीघ्र पूरा करने के लिए केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत है। इस परियोजना के पूर्ण होने से प्रदेश में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा लोगों की आवाजाही अधिक सुगम बनेगी।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, नवाचार, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्रों में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त की हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश और अधिक तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, बड़सर के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल, प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र सिंह राणा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री व डॉ. अनिल धीमान, जिला महामंत्री अजय रिन्टू एवं राजेश सहगल, जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल और जिला प्रवक्ता विनोद ठाकुर भी उपस्थित रहे।