अनुराग ठाकुर का खुला प्रस्ताव राज्यहित में, पर सुक्खू सरकार राजनीति में उलझी: इंदरदत्त लखनपाल

अनुराग ठाकुर का खुला प्रस्ताव राज्यहित में, पर सुक्खू सरकार राजनीति में उलझी: इंदरदत्त लखनपाल
बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता इंदरदत्त लखनपाल ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार को साथ बैठकर हिमाचल के वित्तीय संकट का समाधान निकालने का दिया गया खुला प्रस्ताव राज्यहित में एक जिम्मेदार, सकारात्मक और रचनात्मक पहल है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री सुक्खू के निराधार आरोपों और झूठे प्रचार का करारा जवाब बताया। लखनपाल ने कहा कि अनुराग ठाकुर राजनीति नहीं, बल्कि हिमाचल के व्यापक हित में आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुराग ठाकुर सहित हिमाचल के सभी भाजपा सांसदों ने केंद्र सरकार, वित्त मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय के समक्ष राज्य के आर्थिक मसलों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए मिलकर प्रयास करने की मित्रवत और सहयोगात्मक पेशकश की है। यह प्रस्ताव राजनीतिक टकराव के बजाय संवाद, समन्वय और समाधान की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसदों का यह रुख दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी राजनीति से ऊपर उठकर हिमाचल की आर्थिक स्थिरता और आम जनता के हितों को प्राथमिकता देती है। भाजपा सांसद प्रदेश सरकार के साथ सामूहिक रूप से राज्य के पक्ष में मजबूती से खड़े होने को तैयार हैं, परन्तु मुख्यमंत्री को भी एक कदम आगे बढ़ाना होगा। लखनपाल ने कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू नेतृत्व वाली सरकार वित्तीय अनुशासन, योजनाबद्ध विकास और केंद्र के साथ समन्वय के बजाय केवल बयानबाजी, आरोप-प्रत्यारोप और राजनीति में उलझी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने राज्य के गंभीर वित्तीय संकट को न तो गंभीरता से लिया और न ही इसे सुलझाने के लिए ठोस और पारदर्शी कदम उठाए हैं, जिससे आम जनता और विकास कार्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर और अन्य भाजपा सांसदों द्वारा बढ़ाया गया सहयोग का हाथ हिमाचल के लिए एक सुनहरा अवसर है। अब यह पूरी तरह कांग्रेस सरकार पर निर्भर करता है कि वह राजनीतिक जिद छोड़कर इस प्रस्ताव को स्वीकार करती है या फिर राज्य को वित्तीय अनिश्चितता की ओर धकेलती रहती है। लखनपाल ने अंत में कहा कि भाजपा हमेशा हिमाचल के विकास, वित्तीय स्थिरता और जनता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी राज्यहित में हर सकारात्मक कदम का समर्थन करती रहेगी।