बिझड़ी में गरजे विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल, आपदा राहत से लेकर बदहाल सड़कें, स्वास्थ्य सेवाओं और लोकतंत्र की अनदेखी पर सुक्खू सरकार को घेरा

बिझड़ी में गरजे विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल, आपदा राहत से लेकर बदहाल सड़कें, स्वास्थ्य सेवाओं और लोकतंत्र की अनदेखी पर सुक्खू सरकार को घेरा
विधानसभा क्षेत्र के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने आज बिझड़ी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जनहित के मुद्दों की लगातार उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश का विकास पूरी तरह ठप हो गया है और आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर है। विधायक लखनपाल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के दौरान प्रदेश के अनेक क्षेत्रों, विशेषकर बड़सर विधानसभा की कई पंचायतों में भारी नुकसान हुआ, लेकिन सरकार ने राहत वितरण में पारदर्शिता और समानता नहीं बरती। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा पंचायतों को छोड़कर अधिकांश प्रभावित पंचायतों को आज तक आपदा राहत की राशि उपलब्ध नहीं करवाई गई। जिन पंचायतों में सबसे अधिक नुकसान हुआ, वे भी राहत से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि आपदा जैसे संवेदनशील विषय पर भी सरकार राजनीति कर रही है। उन्होंने सरकार द्वारा विधायक निधि में कटौती किए जाने और स्वीकृत विधायक निधि समय पर जारी न करने पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध न होने से सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रदेश की बदहाल सड़क व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए विधायक ने कहा कि आज प्रदेश की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। लोगों को प्रतिदिन आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार सड़क सुधार की बजाय केवल घोषणाओं तक सीमित है। उन्होंने विकास खंड बिझड़ी में ब्लॉक समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव में लगातार हो रही देरी को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा प्रहार बताया। उन्होंने कहा कि सरकार राजनीतिक कारणों से चुनाव टालकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है, जो लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए लखनपाल ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और आवश्यक सुविधाओं की भारी कमी है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। पंचायतों में कर्मचारियों के रिक्त पदों का मुद्दा उठाते हुए विधायक ने कहा कि सचिवों एवं अन्य कर्मचारियों के अनेक पद खाली पड़े हैं, जिसके कारण विकास कार्य और सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दूसरी ओर सरकार आउटसोर्स भर्ती के माध्यम से अपने रिश्तेदारों और चहेतों को रोजगार देकर योग्य एवं शिक्षित बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने बड़सर क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को भी गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि क्षेत्र में अधिकतम बसें बंद पड़ी हैं, जिससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, बुजुर्गों और ग्रामीण जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विधायक ने कहा कि पिछले लगभग चार वर्षों से विभाग में पाइपों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है। इससे पेयजल योजनाओं के रखरखाव, मरम्मत और नई योजनाओं के कार्य प्रभावित हो रहे हैं तथा लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। अंत में विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि राजनीतिक भेदभाव छोड़कर जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे, आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराए, ब्लॉक समिति के लंबित चुनाव शीघ्र करवाए तथा सड़क, स्वास्थ्य, कृषि, परिवहन, पेयजल और पंचायत स्तर की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के हितों की आवाज़ को निरंतर मजबूती से उठाती रहेगी। इस अवसर डटवाल मण्डल अध्यक्ष यशवीर पटियाल, बड़सर मण्डल अध्यक्ष संजीव शर्मा,डटवाल मण्डल महामंत्री व चकमोह पँचायत प्रधान सोम दत शर्मा डटवाल ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष कमलेश ढिल्लों, अनुसूचित जाति महामंत्री सुभाष, महिला मोर्चा अध्यक्ष के किरण बाला, युवा मोर्चा अध्यक्ष पंकज डटवालिया,साहिल शर्मा मण्डल उपाध्यक्ष युवा मोर्चा अध्यक्ष उपस्थित रहे।