मोदी सरकार के 12 साल पारदर्शी प्रशासन, राष्ट्रीय स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, एकता, अखंडता और प्रगति का स्वर्णिम कालखंड: अनुराग सिंह ठाकुर

मोदी सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जन कल्याण को समर्पित: अनुराग सिंह ठाकुर

मोदी सरकार के 12 साल पारदर्शी प्रशासन, राष्ट्रीय स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, एकता, अखंडता और प्रगति का स्वर्णिम कालखंड: अनुराग सिंह ठाकुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मोदी सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित "विशेष संपर्क अभियान" के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के कानपुर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अनुराग सिंह ठाकुर ने कानपुर के परमट स्थित बाबा आनंदेश्वर मंदिर में दर्शन किए तथा मंदिर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, प्रगतिपथ यात्रा, विशेष जनसंपर्क अभियान एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन गोष्ठी में भाग लिया। इससे पूर्व उन्होंने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुख्यमंत्री आवास पर भेंट कर विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। कानपुर में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने विकास की नई परिभाषा गढ़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार के पिछले 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। यह कालखंड पारदर्शी प्रशासन, राष्ट्रीय स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, एकता, अखंडता और प्रगति का स्वर्णिम दौर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में आज भारत उस मुकाम पर पहुंच चुका है जहां विकसित भारत का स्वर्णिम भविष्य स्पष्ट दिखाई देता है। देश दृढ़ संकल्प के साथ विकास यात्रा पर आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य लेकर कार्य कर रहा है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी परिवर्तन का नया अध्याय लिखा है। इस परिवर्तन का सबसे बड़ा लाभ देश के मध्य वर्ग को मिला है, जिसकी आकांक्षाओं, जीवनशैली और आर्थिक क्षमता में अभूतपूर्व बदलाव आया है। टैक्स सुधारों, डिजिटल गवर्नेंस, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, कौशल विकास, आवास योजनाओं और आधुनिक आधारभूत संरचना के विस्तार ने करोड़ों परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है। बढ़ती आय, बेहतर अवसरों और तकनीकी सशक्तीकरण ने भारतीय मध्य वर्ग को नई ऊर्जा प्रदान की है। आज यह वर्ग केवल आर्थिक विकास का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकसित भारत की यात्रा का प्रमुख भागीदार भी बन चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली थी, तब भारत आर्थिक चुनौतियों के साथ-साथ सामाजिक असमानता, ग्रामीण पिछड़ेपन, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और गरीबों की मूलभूत आवश्यकताओं की उपेक्षा जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा था। पिछले बारह वर्षों में मोदी सरकार ने "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र को केंद्र में रखकर हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक ढांचा तैयार किया, जिसने शासन की कार्यशैली को बदल दिया। यह दौर केवल घोषणाओं का नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, डिजिटल पारदर्शिता और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाने का दौर रहा है। महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीबों, अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित योजनाओं ने देश के सामाजिक ढांचे को नई दिशा प्रदान की है। पश्चिम बंगाल के राजनीतिक परिदृश्य पर बोलते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य में एनडीए को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भाजपा को बड़े समर्थन के साथ इसलिए चुना है ताकि राज्य में डबल इंजन सरकार के माध्यम से तेज विकास सुनिश्चित हो और गुंडाराज से मुक्ति मिले। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों द्वारा बंगाल और वहां की जनता के हित में लिया गया निर्णय स्वागतयोग्य है। इन सांसदों की इच्छा है कि केंद्र सरकार का पूर्ण सहयोग राज्य को मिले और सभी क्षेत्रों में विकास को गति मिले। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल को आगे बढ़ाने के लिए विकास और सुशासन आवश्यक है। लंबे समय से अत्याचार, राजनीतिक हिंसा और भय के वातावरण से परेशान जनप्रतिनिधियों को अब अपनी बात रखने का अवसर मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था प्रभावित हुई है और अब गुंडाराज से कानून के राज की दिशा में कार्य आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठ, भ्रष्टाचार और अत्याचार से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।