राजेंद्र राणा और आशीष शर्मा को हजम नहीं हो रहा है हमीरपुर का विकास: निशांत शर्मा

मुख्यमंत्री पर आधारहीन आरोप लगाकर सुर्खियां बटोरना चाहते हैं ये दोनों नेता

राजेंद्र राणा और आशीष शर्मा को हजम नहीं हो रहा है हमीरपुर का विकास: निशांत शर्मा
हमीरपुर कांग्रेस के मीडिया प्रभारी निशांत शर्मा ने हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा और सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा द्वारा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के विरुद्ध आए दिन की जा रही आधारहीन बयानबाजी का कड़ा संज्ञान लेते हुए आशीष शर्मा और राजेंद्र राणा पर करारा पलटवार किया है। निशांत शर्मा ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू हमीरपुर के विकास के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं, लेकिन आशीष शर्मा और राजेंद्र राणा जैसे अवसरवादी नेताओं को यह हजम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा ने हमेशा अपनी कुर्सी के लिए ही राजनीति की है। वह कभी कांग्रेस के, कभी भाजपा और कभी निर्दलीय बन जाते हैं। जिस व्यक्ति का कोई सिद्धांत ही नहीं है, वह आज मुख्यमंत्री पर बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। आशीष शर्मा भी राजेंद्र राणा के पद चिह्नों पर चल रहे हैं, लेकिन हमीरपुर की जनता सब जानती है। आशीष शर्मा को जनता ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जितवाकर विधानसभा में भेजा था, लेकिन कुछ समय बाद ही वह भाजपा की गोद में जाकर बैठ गए और अब मुख्यमंत्री पर ऐसे आरोप लगा रहे हैं, जिनका कोई आधार ही नहीं है। निशांत शर्मा ने कहा कि आशीष शर्मा मुख्यमंत्री पर झूठे आरोप लगाकर सुर्खियों में आने की कोशिश न करें और अपने विधानसभा क्षेत्र पर ध्यान दें। निशांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार मजबूती के साथ काम कर रही है और जनता का विश्वास खो चुके राजेंद्र राणा तथा आशीष शर्मा जैसे नेताओं के बयानों से सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। इन्हीं नेताओं ने प्रदेश सरकार को गिराने के लिए ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाया था, लेकिन इनका षडयंत्र कामयाब नहीं हो सका और प्रदेश की जनता ने ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को दोबारा भरपूर समर्थन देकर कांग्रेस के विधायकों की संख्या दोबारा 40 तक पहुंचा दी। निशांत शर्मा ने कहा कि आशीष शर्मा और राजेंद्र राणा सत्ता में आने के मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं तथा जिला हमीरपुर के अधिकारियों,कर्मचारियों को खुलेआम धमका रहे हैं, लेकिन सत्ता में आने के सपने उनके कभी साकार नहीं होंगे। आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी जिला हमीरपुर की पांचों विधानसभा सीटें जीतकर दोबारा सत्ता पर काबिज होगी और हमीरपुर को एक बार फिर मुख्यमंत्री का पद मिलेगा।