सुप्रीम कोर्ट का फैसला सत्य और न्याय की जीत : इंद्रदत्त लखनपाल, आशीष शर्मा

विधायकों ने कहा कि हेट स्पीच मामले में अनुराग सिंह ठाकुर को मिली क्लीन चिट से विपक्ष का दुष्प्रचार बेनकाब

सुप्रीम कोर्ट का फैसला सत्य और न्याय की जीत : इंद्रदत्त लखनपाल, आशीष शर्मा
सुप्रीम कोर्ट द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को वर्ष 2020 के कथित हेट स्पीच मामले में क्लीन चिट दिए जाने का भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और विधायक आशीष शर्मा ने स्वागत किया है। दोनों विधायकों ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का यह निर्णय सत्य, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्षों से राजनीतिक द्वेष और वैचारिक विरोध के चलते विपक्ष भाजपा नेताओं को बदनाम करने के उद्देश्य से निराधार आरोपों और दुष्प्रचार का सहारा लेता रहा है। अनुराग सिंह ठाकुर जैसे लोकप्रिय जनप्रतिनिधि, जिन्होंने देश और हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य किया है, उन्हें भी इसी राजनीतिक मानसिकता के तहत निशाना बनाया गया। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्णय ने यह साबित कर दिया है कि विपक्ष द्वारा फैलाया गया भ्रम और आरोप पूरी तरह तथ्यहीन थे। इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर ने हमेशा राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और विकास की राजनीति को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोगों ने हमेशा अनुराग ठाकुर को एक सकारात्मक, दूरदर्शी और जनहितैषी नेता के रूप में देखा है। ऐसे नेता पर दुर्भावना से प्रेरित आरोप लगाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत था। सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला उन सभी लोगों के लिए करारा जवाब है जो राजनीतिक लाभ के लिए झूठे नैरेटिव गढ़ने का काम करते हैं। आशीष शर्मा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने अपने निर्णय में स्पष्ट किया है कि रिकॉर्ड पर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कोई संज्ञेय अपराध नहीं बनता। यह निर्णय देश की न्यायपालिका की निष्पक्षता और मजबूती को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने वर्षों तक इस मामले को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल करने का प्रयास किया, लेकिन अंततः सत्य की जीत हुई। इससे आम जनता का न्यायिक व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। दोनों विधायकों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए समर्पित है। भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा और जनसेवा की राजनीति को कमजोर करने के लिए विपक्ष लगातार भ्रम फैलाने का प्रयास करता रहा है, लेकिन देश की जनता अब इस राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला केवल अनुराग सिंह ठाकुर के सम्मान की पुनर्स्थापना नहीं है, बल्कि यह उन सभी लोगों के लिए संदेश है जो बिना तथ्यों के राजनीतिक आरोप लगाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं। इंद्रदत्त लखनपाल और आशीष शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हुए न्यायपालिका के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अनुराग सिंह ठाकुर को शुभकामनाएं दीं।