न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की हुई जीत, सुक्खू सरकार की धक्केशाही पर लगा विराम: राजेन्द्र राणा

सुजानपुर नगर परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के शपथ ग्रहण पर न्यायालय की रोक, भाजपा ने बताया लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत

न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की हुई जीत, सुक्खू सरकार की धक्केशाही पर लगा विराम: राजेन्द्र राणा
भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेन्द्र राणा ने सुजानपुर नगर परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के शपथ ग्रहण और नियुक्ति प्रक्रिया पर न्यायालय द्वारा आगामी आदेशों तक रोक लगाए जाने का स्वागत करते हुए इसे सत्य, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन सभी लोगों के विश्वास को मजबूत करता है जो लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की निष्पक्षता और संवैधानिक व्यवस्था में आस्था रखते हैं। राजेन्द्र राणा ने कहा कि सुजानपुर नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चयन को लेकर जिस प्रकार के घटनाक्रम सामने आए, उससे स्थानीय जनता में अनेक प्रश्न उत्पन्न हुए थे। भाजपा लगातार यह मांग कर रही थी कि पूरे मामले की निष्पक्षता और वैधानिकता सुनिश्चित की जाए तथा लोकतांत्रिक मानदंडों का पूर्ण पालन हो। न्यायालय द्वारा मामले पर आगामी आदेशों तक रोक लगाया जाना यह दर्शाता है कि विषय गंभीर विचारणीय है और इसकी विधिक समीक्षा आवश्यक है। राणा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाने और राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार की धक्केशाही और मनमानी के विरुद्ध भाजपा शुरू से आवाज उठाती रही है तथा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी निर्णय को बलपूर्वक थोपने की बजाय नियमों और कानूनों के अनुरूप कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुजानपुर की राजनीति में यह घटनाक्रम एक नया मोड़ लेकर आया है और अब समूचे क्षेत्र की निगाहें न्यायालय के आगामी आदेशों पर टिकी हुई हैं। भाजपा को न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है और उम्मीद है कि अंतिम निर्णय लोकतांत्रिक मूल्यों तथा कानून के अनुरूप होगा।