मुख्यमंत्री के गृह जिले का मेडिकल कॉलेज बदहाल, मरीजों को भगवान भरोसे छोड़ चुकी है सरकार: आशीष शर्मा

सीटी स्कैन ठप, लिफ्ट खराब, दवाइयों और आवश्यक चिकित्सा सामग्री का अभाव स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल रहा

मुख्यमंत्री के गृह जिले का मेडिकल कॉलेज बदहाल, मरीजों को भगवान भरोसे छोड़ चुकी है सरकार: आशीष शर्मा
हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा ने डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की हालत ही प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत कर रही है। आशीष शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में पिछले कई दिनों से सीटी स्कैन सुविधा बाधित रहने के कारण मरीजों को निजी लैब में महंगे दामों पर जांच करवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इसका सीधा बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के अपने जिले के मरीजों को भी समय पर सीटी स्कैन जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिल रही तो प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की लिफ्टें बार-बार खराब हो रही हैं, जिससे बुजुर्ग, गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और स्ट्रेचर पर लाए जाने वाले मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यह केवल तकनीकी खामी नहीं बल्कि अस्पताल प्रबंधन की गंभीर प्रशासनिक विफलता का उदाहरण है। आशीष शर्मा ने आरोप लगाया कि अस्पताल में कई आवश्यक जेनेरिक दवाइयों का अभाव बना हुआ है। इतना ही नहीं, कई बार मरीजों और उनके परिजनों को सर्जिकल ग्लव्स, सिरिंज तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री तक बाहर निजी मेडिकल स्टोरों से खरीदने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले लोगों को यदि हर जरूरी सामान बाजार से खरीदना पड़े तो फिर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का औचित्य ही क्या रह जाता है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में स्थित मेडिकल कॉलेज की यह स्थिति है। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। उन्होंने कहा कि जो सरकार अपने मुख्यमंत्री के जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रही, उस पर पूरे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने का भरोसा कैसे किया जा सकता है। आशीष शर्मा ने भोरंज के कांग्रेस विधायक के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने जल्द ही भोरंज अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि नई मशीनों की घोषणाएं करने से पहले सरकार और कांग्रेस नेताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में पहले से स्थापित सीटी स्कैन मशीन नियमित रूप से कार्य करे और मरीजों को निर्बाध सेवा मिले। जनता को नई घोषणाओं से अधिक मौजूदा सुविधाओं के सुचारू संचालन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में लगातार सामने आ रही व्यवस्थागत कमियों को लेकर प्रदेश सरकार को जवाब देना चाहिए। अस्पताल में उपकरणों की कार्यशीलता, दवाइयों की उपलब्धता, आवश्यक उपभोग्य चिकित्सा सामग्री की नियमित आपूर्ति तथा मरीजों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई नहीं करती तो भाजपा इस मुद्दे को जनहित में और अधिक मजबूती से उठाएगी तथा मरीजों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।