भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल और जिला प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नादौन के मंझेली में एक जनसभा के दौरान दिए बयानों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री सुक्खू की राजनीति अब पूरी तरह झूठ, भ्रम और आत्मप्रचार पर टिकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना कि अनुराग ठाकुर झूठ बोलने की बीमारी से ग्रस्त हैं, न केवल एक गैर-जिम्मेदाराना बयान है बल्कि एक लोकप्रिय सांसद और केंद्रीय मंत्री के खिलाफ सस्ती राजनीति का प्रयास भी है।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज की सच्चाई प्रदेश की जनता जानती है। कॉलेज को वास्तव में धरातल पर उतारने का श्रेय पूर्व की जयराम सरकार और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को जाता है। भवन निर्माण, उपकरण, स्टाफ और अन्य आवश्यक संसाधनों की स्वीकृति जयराम ठाकुर की भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही सुनिश्चित हुई। सिर्फ़ कांग्रेस की फाइलों में पड़ा हुआ प्रोजेक्ट हकीकत में भाजपा ने ज़मीन पर खड़ा किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू यह भूल गए हैं कि अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर ही नहीं, बल्कि समूचे हिमाचल के लिए करोड़ों रुपये की केंद्रीय परियोजनाएँ दिलाई हैं - चाहे वह खेल अकादमियाँ हों, सड़कों का विस्तार हो या रेल संपर्क का विकास। उनका काम जनता के बीच दिखता है, जबकि कांग्रेस नेताओं का काम केवल भाषणों में सुनाई देता है।
उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार के समय हमीरपुर जिला में रिकॉर्ड स्तर पर विकास हुआ, जिसमें बस स्टैंड के लिए प्रारंभिक बजट और जमीन का अधिकरण, बड़सर के मिनी सचिवालय, पुल, सड़कें, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएँ आदि, सब भाजपा की योजनाओं और दूरदृष्टि का परिणाम हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू का यह कहना कि हमीरपुर की अनदेखी हुई, तथ्यहीन और हास्यास्पद है।
विक्रमजीत बन्याल और विनोद ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार ने अपने तीन सालों में न तो जनता से किए वादे पूरे किए, न ही प्रदेश के विकास की कोई नई दिशा दी। राज्य के लोग आज महंगाई, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था से त्रस्त हैं। सरकारी खजाना खाली है, और कांग्रेस नेता झूठे भाषणों से जनता का ध्यान भटकाने में लगे हैं।
भाजपा मीडिया प्रभारी और प्रवक्ता ने कहा कि अब प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री के झूठे दावों से भ्रमित नहीं होने वाली। हर पंचायत, हर वार्ड में लोग भाजपा के काम देख चुके हैं। भाजपा संगठन जनता के बीच सच्चाई पहुँचाने के लिए का काम करता रहेगा, और आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को अपनी विफल नीतियों को जनता पर थोपने के लिए हिमाचल के लोग उसे करारा जवाब देंगे ।