प्रशासन को महत्वपूर्ण फीडबैक प्रदान करता है मीडिया : गंधर्वा राठौड़
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने आयोजित की संगोष्ठी
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने सोमवार को यहां उपायुक्त कार्यालय परिसर में स्थित पत्रकार कक्ष में एक संगोष्ठी आयोजित की गई। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित इस संगोष्ठी में एसपी बलवीर सिंह भी उपस्थित रहे। इस संगोष्ठी में राष्ट्रीय प्रेस परिषद की ओर से इस वर्ष के राष्ट्रीय प्रेस दिवस के लिए दिए गए विषय ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ पर व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर सभी मीडियाकर्मियों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई देते हुए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है और हमारी शासनिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था में प्रेस की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण होती है। मीडिया के माध्यम से जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार होता है, वहीं इसके माध्यम से सरकार और प्रशासन को महत्वपूर्ण फीडबैक भी मिलता है। विभिन्न अभियानों के प्रति आम लोगों को जागरुक करने में भी मीडिया बड़ी भूमिका अदा करता है।
इस वर्ष के राष्ट्रीय प्रेस दिवस के लिए भारतीय प्रेस परिषद की ओर से दिए गए विषय की चर्चा करते हुए गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि किसी भी संवेदनशील खबर को सनसनीखेज बनाने के बजाय तथ्यों एवं आधिकारिक पुष्टि के साथ ही प्रकाशित या प्रसारित किया जाना चाहिए। इससे मीडिया की विश्वसनीयता कायम रहेगी।
इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह ने कहा कि टैक्नोलॉजी के विस्तार से मीडिया की कार्यशैली में भी बहुत बड़ा बदलाव आया है। सोशल मीडिया के इस दौर में मीडियाकर्मियों की जिम्मेदारी और भी ज्यादा बढ़ गई है। विशेषकर, संवेदनशील मामलों से संबंधित खबरों के बारे मंे मीडियाकर्मियों को आवश्यक सावधानी बरतनी चाहिए तथा पुलिस की जांच प्रक्रिया एवं प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने बेहतर समाज के निर्माण के लिए मीडियाकर्मियों से जन जागरुकता से संबंधित खबरों को भी तरजीह देने की अपील की।
संगोष्ठी के दौरान कई वरिष्ठ पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने हमीरपुर में प्रेस क्लब के भवन के लिए भूमि उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन का धन्यवाद भी किया। जिला लोक संपर्क अधिकारी ने उपायुक्त, एसपी और सभी पत्रकारों का स्वागत किया तथा राष्ट्रीय प्रेस दिवस के इतिहास पर प्रकाश डाला।