चैंथ खड्ड तटीकरण कार्य में देरी और अनियमितताओं पर कमलेश कुमारी का कांग्रेस सरकार पर प्रहार

चैंथ खड्ड तटीकरण कार्य में देरी और अनियमितताओं पर कमलेश कुमारी का कांग्रेस सरकार पर प्रहार
भोरंज विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा कमलेश कुमारी ने चैंथ खड्ड तटीकरण कार्य में हो रही देरी और कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार तथा स्थानीय विधायक सुरेश कुमार पर तीखा हमला बोला है। जारी बयान में कमलेश कुमारी ने कहा कि इस परियोजना के लिए 7 करोड़ 42 लाख 82 हजार रुपये की राशि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बजट वर्ष 2021-22 में स्वीकृत की गई थी। नाबार्ड के सहयोग से स्वीकृत इस परियोजना के बावजूद वर्तमान सरकार कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में विफल रही है और धरातल पर कार्य की गति अत्यंत धीमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार इस परियोजना का श्रेय लेने के प्रयास में जानबूझकर कार्य में देरी कर रही है, जिसके चलते पिछले चार वर्षों में भी तटीकरण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। कमलेश कुमारी ने यह भी आरोप लगाया कि चैंथ खड्ड को अवैध खनन से सुरक्षित रखने के बजाय तटीकरण में उपयोग होने वाले बोल्डर और पत्थर उसी खड्ड से निकाले जा रहे हैं। तटीकरण के नाम पर अवैध खनन को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा एम फॉर्म से संबंधित नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्य कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने और सरकारी धन के दुरुपयोग का माध्यम बन गया है। पूरे प्रोजेक्ट में बड़े स्तर पर अनियमितताओं की आशंका व्यक्त करते हुए उन्होंने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। तटीकरण कार्य लंबित रहने के कारण चैंथ खड्ड के किनारे बसे ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रेय की राजनीति के चलते चार बरसातें बीत चुकी हैं, लेकिन आज भी भारी वर्षा के समय स्थानीय लोग भय के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। सरकार और स्थानीय विधायक को जनता की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है।