नारी शक्ति का अपमान अब और नहीं, कांग्रेस के महिला विरोधी चेहरे को बेनकाब करेगी भाजपा: कमलेश कुमारी

नारी शक्ति का अपमान अब और नहीं, कांग्रेस के महिला विरोधी चेहरे को बेनकाब करेगी भाजपा: कमलेश कुमारी
शिमला के ऐतिहासिक चौड़ा मैदान में जन आक्रोश महिला पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा कमलेश कुमारी ने उपस्थित मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी की केंद्र और राज्य इकाई पर तीखा प्रहार किया। कमलेश कुमारी ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के खिलाफ मतदान कर इसे रोकने का कार्य किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न केवल इस बिल का विरोध किया, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के सपनों और उनके संवैधानिक अधिकारों पर सीधा आघात पहुंचाया। जब महिलाओं को उनका अधिकार देने का समय आया, तब कांग्रेस ने पीठ दिखाकर अपना वास्तविक महिला विरोधी चेहरा उजागर कर दिया। प्रदेश सरकार को घेरते हुए कमलेश कुमारी ने कहा कि सरकार के चार वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन प्रदेश की महिलाएं आज भी अपने हक के 1500 रुपये का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर प्रत्येक पात्र महिला के प्रति 40 महीनों के हिसाब से 60,000 रुपये का दायित्व बनता है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय दी गई गारंटियां केवल एक चुनावी स्टंट साबित हुई हैं। केंद्र में आरक्षण का विरोध और प्रदेश में आर्थिक वादाखिलाफी, यही कांग्रेस की असलियत है। कमलेश कुमारी ने पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़ का आह्वान करते हुए कहा कि अब महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना जानती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि जब भी कोई कांग्रेसी नेता उनके क्षेत्र में आए, तो उनसे पिछले 40 महीनों के 1500 रुपये का हिसाब अवश्य मांगा जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल की महिलाओं के साथ वादाखिलाफी की है, जिसका जवाब जनता आने वाले समय में अवश्य देगी।