एचपीशिवा परियोजना के नंधन क्लस्टर में शुरू किया अमरूद का पौधारोपण

एचपीशिवा परियोजना के नंधन क्लस्टर में शुरू किया अमरूद का पौधारोपण
उद्यान विभाग की महत्वाकांक्षी एचपीशिवा परियोजना के तहत नंधन में विकसित किए जा रहे क्लस्टर में सोमवार से अमरूद का पौधारोपण शुरू कर दिया गया। एसडीएम शशिपाल ने इस पौधारोपण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्र के किसानों और बागवानों को बधाई देते हुए एसडीएम ने कहा कि एचपीशिवा परियोजना प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। इसका मकसद प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फल उत्पादन को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत फलों की खेती के लिए जमीन तैयार करने से लेकर सिंचाई सुविधा की व्यवस्था करना, पौधारोपण, बागीचांे की बाड़बंदी, फलों के विपणन और प्रसंस्करण तक के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। किसानों और बागवानों को इस परियोजना का लाभ उठाना चाहिए। एसडीएम ने बागवानों से पौधों की नियमित देखभाल करने तथा विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक तकनीकों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उद्यान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नंधन के क्लस्टर में लगभग 5 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद की विभिन्न किस्मों के पौधे लगाने के लिए लगभग 5000 गड्ढे बनाए जा रहे हैं। पौधारोपण के शुभारंभ अवसर पर विभाग के एसएमएस डॉ. अमित कुमार, उद्यान विकास अधिकारी, डॉ. ज्योति देवी और डॉ. विपन कुमार, उद्यान प्रसार अधिकारी ज्योति शर्मा, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा नंधन क्लस्टर के बागवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।