हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शनिवार को हमीरपुर जिला के प्रवास के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने नादौन विधानसभा क्षेत्र में फिट इंडिया खेल गतिविधि, मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण, सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता तथा वोकल फॉर लोकल से संबंधित कार्यक्रमों में सहभागिता की। नादौन के राजेंद्र पैलेस में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत "फिट इंडिया खेल गतिविधि कार्यक्रम" में भाग लेने के बाद अनुराग सिंह ठाकुर ने जलाड़ी स्थित विरासत रेजिडेंसी में मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण, सरकारी योजनाओं की जागरूकता और वोकल फॉर लोकल सहयोग से संबंधित कार्यक्रम में सहभागिता की।
इसके उपरांत उन्होंने हमीरपुर विधानसभा के दुगनेहड़ी और दुलेहड़ा के आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित आंगन का उत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। हमीरपुर विधानसभा के ही सासण में आयोजित वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान, साइबर सुरक्षा जागरूकता तथा पोषण एवं एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम में भी अनुराग सिंह ठाकुर शामिल हुए और विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की।
भारत की महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक की बधाई
नादौन विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम के दौरान अनुराग सिंह ठाकुर ने वीडियो कॉल के माध्यम से एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की महिला कबड्डी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। भारत की महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता और पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत की बेटियों ने जीतकर हम सभी को गर्व से भर दिया है। अपने इस पूरे सफर में टीम इंडिया अजेय रही और हमारे हिमाचल की चार बेटियों ने इस पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार खेल से हर हिमाचली का मस्तक हिमालय की तरह ऊंचा कर दिया है।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम में हिमाचल प्रदेश की रितु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर शामिल थीं।
विपक्ष अपनी नाकामी का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने का बहाना ढूंढता है: अनुराग सिंह ठाकुर
हमीरपुर में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने मीडिया में प्रकाशित एक रिपोर्ट के संदर्भ में चल रहे राजनीतिक प्रकरण पर कहा कि विपक्ष आत्मचिंतन की बजाय अपनी नाकामी का ठीकरा किसी और के सिर पर फोड़ने का बस बहाना ढूंढता है। उन्होंने कहा कि कभी ईवीएम, कभी एसआईआर, कभी चुनाव आयोग तो कभी चुनाव आयुक्त के रूप में कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष अपनी हार पर जनता को भ्रमित करने के लिए बेबुनियाद आरोप लगाता है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के जनादेश का सम्मान होना चाहिए और राजनीतिक दलों को अपनी चुनावी परिस्थितियों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
प्रवास के दूसरे दिन 27 सितंबर को अनुराग सिंह ठाकुर पालमपुर स्थित श्री साईं विश्वविद्यालय में इंटरनेशनल कान्फ्रेंस ऑन सोसाइटी, एजुकेशन एंड सोशल डेवलपमेंट में शामिल होंगे। इसके बाद वे धौलाधार सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट (पालमपुर) के स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे तथा धर्मशाला में एचपीसीए की 21वीं वार्षिक आम बैठक में शामिल होंगे।