कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य की करें नियमित निगरानी : एसडीएम

भोरंज में पोषण माह के तहत एक दिवसीय कार्यशाला एवं जागरुकता शिविर आयोजित

कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य की करें नियमित निगरानी : एसडीएम
9वें राष्ट्रीय पोषण माह के उपलक्ष्य पर बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय भोरंज ने पोषण एवं स्वास्थ्य जागरुकता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं जागरुकता शिविर आयोजित किया। कार्यक्रम में एसडीएम शशि पाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यशाला में प्रतिभागियों को संतुलित एवं विविध आहार, प्रोटीनयुक्त भोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गर्भावस्था के दौरान पोषण, स्तनपान, पूरक आहार तथा बच्चों के समुचित विकास से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही गंभीर कुपोषण (सैम) और आंशिक कुपोषण (मैम) से ग्रस्त बच्चों की पहचान, उनकी नियमित निगरानी एवं फॉलोअप तथा बच्चों के शारीरिक विकास की प्रगति की निगरानी के बारे में भी जानकारी दी गई। एसडीएम ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों की नियमित एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे बच्चों को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने, जरुरत पड़ने पर उचित स्वास्थ्य संस्थान के लिए रेफर करने तथा रेफरल सेवाओं के माध्यम से उपचार एवं पोषण संबंधी सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की पोषण स्थिति में सुधार और रिकवरी के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग तथा संबंधित स्तरों के बीच बेहतर समन्वय एवं नियमित फॉलोअप आवश्यक है। उन्होंने भोरंज खंड में जिला प्रशासन द्वारा एक पायलट प्रोजेक्ट के तहत बच्चों को पौष्टिक आहार के रूप में रागी के पाउडर के उपयोग एवं वितरण को लेकर भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनील कुमार ने इस बार के पोषण माह के मुख्य विषय ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के तहत भोरंज खंड में आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने पोषण वाटिका, स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने, पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनियों, बच्चों की प्रारंभिक विकास गतिविधियों, अभिभावक-बच्चा गतिविधियों तथा पोषण जागरुकता कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन की जानकारी दी। इस कार्यशाला एवं शिविर में वृत्त पर्यवेक्षक रवि कुमार, अभिषेक कुमार, सरोजां देवी, आशा ठाकुर, आशा देवी, अंजना शर्मा, कुंता राणा, विभाग के अन्य कर्मचारियों और लगभग 35 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।