प्रगुण गौतम भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला हमीरपुर के जिला प्रभारी नियुक्त

प्रगुण गौतम भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला हमीरपुर के जिला प्रभारी नियुक्त
भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर शीर्ष नेतृत्व द्वारा भारतीय जनता युवा मोर्चा में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रगुण गौतम को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति पार्टी संगठन द्वारा युवा मोर्चा को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से की गई है। उल्लेखनीय है कि प्रगुण गौतम को इसी वर्ष जनवरी माह में भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर में जिला आईटी सह-संयोजक का दायित्व भी सौंपा गया था। प्रगुण गौतम मूलतः नादौन विधानसभा क्षेत्र की मझियार पंचायत के निवासी हैं। वे पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला हमीरपुर में दो बार जिला महामंत्री के दायित्व भी निभा चुके हैं, और भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल नादौन में पदाधिकारी भी रह चुके हैं। संगठनात्मक कार्यों में उनका व्यापक अनुभव रहा है और वे पार्टी के भीतर एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने प्रगुण गौतम पर विश्वास व्यक्त करते हुए आशा जताई है कि उनके पूर्व अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ युवा मोर्चा को मिलेगा, तथा पार्टी की विचारधारा और कार्यक्रमों को युवाओं तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचाने में वे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जिलाध्यक्ष ने इस अवसर पर प्रगुण गौतम को उनके वैवाहिक जीवन की नई पारी के शुभारंभ पर बधाई एवं शुभकामनाएँ भी दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी परिवार अपने प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ हर समय खड़ा है और इसी रिवायत के अनुरूप प्रगुण गौतम के उज्ज्वल, सुखमय एवं सफल दांपत्य जीवन की कामना करता है। नियुक्ति के उपरांत प्रगुण गौतम ने भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर एवं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दी गई इस नई जिम्मेदारी को वे पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाएंगे तथा युवा मोर्चा को सशक्त बनाने के लिए अपने सर्वोत्तम प्रयास करेंगे। भारतीय जनता पार्टी जिला पदाधिकारियों ने भी प्रागुण गौतम की नियुक्ति पर उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।