जिला हमीरपुर की चार विधानसभा क्षेत्रों के पांच ब्लॉकों में पंचायत समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव अब तक नहीं होने पर भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजकर लंबित चुनाव जल्द करवाने की मांग की।
भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि पंचायत चुनाव संपन्न हुए करीब तीन महीने होने वाले हैं, लेकिन जिला हमीरपुर के पांच विकास खंडों में पंचायत समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव अभी तक लंबित हैं। केवल भोरंज विधानसभा क्षेत्र में ही बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव हो पाया है। उन्होंने कहा कि चुनावों को इस तरह लंबित रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था और पंचायती राज संस्थाओं के कामकाज के हित में नहीं है।
राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि पहले पंचायती राज चुनावों को भी जानबूझकर देरी से करवाया गया और अब पंचायत समितियों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनावों को लटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और कांग्रेस पार्टी की मंशा इस मामले में स्पष्ट नहीं है और जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों से वंचित रखना उचित नहीं है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि जिला हमीरपुर के सभी लंबित बीडीसी चुनाव तत्काल करवाए जाएं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 31 अगस्त 2026 तक पंचायत समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव नहीं करवाए गए तो भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा और कड़ा आंदोलन शुरू करेगी।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजिंदर सिंह राणा, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, जिला महामंत्री अजय रिंटू, जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल सहित भाजपा मंडलों के अध्यक्ष और पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।