सरकारी अधिकारियों को राजनीतिक दबाव में नहीं, नियमों और कानून के अनुसार काम करना चाहिए : नरेंद्र ठाकुर
भाजपा नेता राजेंद्र राणा के कार्यक्रमों को रोकने के कथित प्रयासों पर कांग्रेस विधायक को घेरा, प्रशासनिक निष्पक्षता पर उठाए सवाल
भाजपा मीडिया प्रभारी नरेंद्र ठाकुर ने सुजानपुर के कांग्रेस विधायक कैप्टन रणजीत सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका इतना बुरा हाल हैँ कि उन पर एक कहावत सटीक बैठती हैँ "ना अपी खेलणा"ना दूजे खेलण देणा
खुद बेले बैठे हैँ दूजे जो भी करने नहीं देणा , सुजानपुर में जब भी भाजपा नेता राजेंद्र राणा जनता के हित में कोई सामाजिक, धार्मिक या जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने की पहल करते हैं, तब कांग्रेस विधायक और उनके प्रमुख करीबियों की ओर से उन कार्यक्रमों में अड़चनें पैदा करने के प्रयास किए जाने की शिकायतें सामने आती हैं।
नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी किसी राजनीतिक दल या विधायक के दबाव में काम करने के लिए नहीं, बल्कि संविधान, नियमों और कानून के अनुसार निष्पक्षता से जनता की सेवा करने के लिए नियुक्त होते हैं। इसलिए नगर परिषद सुजानपुर के कार्यकारी अधिकारी सहित सभी प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह है कि वे किसी भी राजनीतिक दबाव में आकर कोई ऐसा निर्णय न लें, जो नियमों के विरुद्ध हो या किसी नागरिक के अधिकारों को प्रभावित करता हो।
उन्होंने कहा कि हाल ही में भाजपा नेता राजेंद्र राणा के विज्ञापन होर्डिंग की वैध अनुमति को रद्द करने का मामला सामने आया है। नगर परिषद से 1 जनवरी 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक की अनुमति प्राप्त करने के लिए 30 दिसंबर 2025 को ₹3,345 की सरकारी फीस भी जमा करवाई गई थी। इसके बावजूद 5 नवंबर को होर्डिंग हटाया गया, 6 नवंबर को दोबारा लगाने के बाद 10 नवंबर को फिर हटा दिया गया और उसी दिन नगर परिषद ने पत्र संख्या MCS/Advertisement/2026-27/2151 के माध्यम से अनुमति रद्द कर दी।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि अनुमति नियमानुसार जारी की गई थी और उसकी निर्धारित फीस भी जमा करवाई गई थी, तो फिर उसे रद्द करने का आधार क्या था? क्या संबंधित व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस दिया गया? क्या उसे अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया? किस नियम और किस अधिकारी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई? नगर परिषद को इन सभी सवालों का सार्वजनिक रूप से जवाब देना चाहिए।
नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि उन्हें यह जानकारी भी मिली है कि कांग्रेस विधायक कैप्टन रणजीत सिंह के कुछ नजदीकी लोग 15 जनवरी को सुजानपुर चौगान में होने वाले राजेंद्र राणा के पारंपरिक सैनिक सम्मान कार्यक्रम की अनुमति को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। यह कार्यक्रम वर्षों से सैनिकों के सम्मान में आयोजित किया जाता रहा है। यदि ऐसी कोई कोशिश की जा रही है, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को किसी भी दबाव में आए बिना नियमों के अनुसार निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में भी 15 जनवरी के कार्यक्रम को लेकर अनुमति रद्द होने का मामला सामने आया था। उस समय कांग्रेस विधायक की ओर से सुजानपुर में मुख्यमंत्री को बुलाकर चिट्टा मुक्त रैली आयोजित करने की बात कही गई थी। लेकिन न तो मुख्यमंत्री सुजानपुर पहुंचे और न ही उस घोषणा के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित हुआ। अब एक बार फिर जब राजेंद्र राणा सैनिकों के सम्मान में अपना पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं, तो मुख्यमंत्री को बुलाने और चिट्टा मुक्त कार्यक्रम करने की बातें दोबारा सामने आने लगी हैं।
नरेंद्र ठाकुर ने सवाल किया कि क्या सुजानपुर की जनता को केवल घोषणाएं सुनाने के लिए मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों का हवाला दिया जा रहा है? यदि कांग्रेस विधायक वास्तव में चिट्टा मुक्त सुजानपुर चाहते हैं, तो उन्हें केवल बयानबाजी करने के बजाय धरातल पर ठोस काम करके दिखाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि राजेंद्र राणा की सामाजिक संस्था की ओर से निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित करने की पहल में भी कथित तौर पर अड़चनें पैदा करने के प्रयास किए गए थे। ऐसे जनहित के कार्यों को प्रोत्साहित करने के बजाय उनमें बाधाएं डालना किसी भी जनप्रतिनिधि की सकारात्मक राजनीति नहीं कही जा सकती।
नरेंद्र ठाकुर ने कांग्रेस विधायक पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि जब-जब राजेंद्र राणा जनता के बीच जाकर कोई जनहित का कार्यक्रम करने की पहल करते हैं, तब-तब कांग्रेस विधायक की ओर से उसका विरोध करने की राजनीति शुरू हो जाती है। इससे विधायक की राजनीतिक सोच और जनहित के प्रति उनकी प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी जनप्रतिनिधि को यह अधिकार नहीं है कि वह सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल अपने राजनीतिक विरोधियों के कार्यक्रमों को प्रभावित करने के लिए करे। अगर किसी कार्यक्रम की अनुमति से संबंधित कोई नियम या कानूनी बाध्यता है, तो प्रशासन उसे लिखित रूप में स्पष्ट करे। लेकिन एक व्यक्ति के कार्यक्रम को रोकने और दूसरे के कार्यक्रम को प्राथमिकता देने की कोई भी कोशिश प्रशासनिक निष्पक्षता के सिद्धांतों के खिलाफ होगी।
भाजपा मीडिया प्रभारी ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सरकारी कुर्सी किसी राजनीतिक नेता की निजी संपत्ति नहीं है। अधिकारी अपनी जिम्मेदारी और संवैधानिक मर्यादा को समझें। सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन सरकारी कर्मचारी और अधिकारी अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए नियमों के अनुसार काम करें। किसी विधायक, मंत्री या उनके करीबी व्यक्ति के दबाव में आकर किसी नागरिक के अधिकारों का हनन न करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले में प्रशासनिक पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग करती है। नगर परिषद सुजानपुर को विज्ञापन अनुमति रद्द करने का कानूनी आधार सार्वजनिक करना चाहिए
अंत में नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि राजेंद्र राणा का विरोध करने के लिए कांग्रेस विधायक को लोकतांत्रिक तरीके से राजनीतिक मुकाबला करना चाहिए, न कि प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित करने के प्रयास करने चाहिए। सुजानपुर की जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।