15 को जिला हमीरपुर में भी होगी मैगा मॉक एक्सरसाइज

भूकंप और अन्य आपदाओं की स्थिति में बचाव कार्यों का किया जाएगा अभ्यास

15 को जिला हमीरपुर में भी होगी मैगा मॉक एक्सरसाइज
आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों को सुनियोजित और प्रभावी ढंग से अंजाम देने के अभ्यास तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित संसाधनों के आकलन के लिए इस बार 15 जून को प्रदेशव्यापी मैगा मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जा रही है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के तकनीकी सहयोग से आयोजित की जा रही इस मैगा मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों के लिए मंगलवार को एक कार्यशाला आयोजित की गई। वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस कार्यशाला में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) हमीरपुर के अधिकारियों और अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया। कार्यशाला के दौरान एनडीएमए के सीनियर कंसल्टेंट मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) सुधीर बहल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मैगा मॉक एक्सरसाइज के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 जून को आयोजित की जाने वाली इस मैगा मॉक एक्सरसाइज की रूपरेखा तय करने के लिए 12 जून को टेबल टॉप एक्सरसाइज होगी। उन्होंने बताया कि इस बार मैगा मॉक एक्सरसाइज के दौरान केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात के समय भी बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। इसके लिए दिन में भूकंप जैसी आपदा की परिस्थिति और रात के समय वनों की आग या भूस्खलन जैसी आपदा की परिस्थिति के अनुसार बचाव कार्यों को अंजाम दिया जाएगा। उपायुक्त एवं डीडीएमए की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी संबंधित अधिकारियों को मैगा मॉक एक्सरसाइज की तैयारियां करने के निर्देश दिए। ---- फोटो कैप्शन: मैगा मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों को लेकर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यशाला में भाग लेते जिला हमीरपुर के अधिकारी।