भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ जिला हमीरपुर की प्रथम संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, आगामी रणनीति पर मंथन

भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ जिला हमीरपुर की प्रथम संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, आगामी रणनीति पर मंथन
भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ की प्रथम संगठनात्मक बैठक आज बसंत रिसॉर्ट में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम गान के साथ हुई, जिसके पश्चात उपस्थित सभी अतिथियों का विधिवत अभिनंदन किया गया। बैठक के प्रारंभिक सत्र में बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक प्रेम सिंह भरमौरिया ने उपस्थित सभी सदस्यों का परिचय करवाते हुए प्रकोष्ठ की संरचना और उसके उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह मंच समाज के प्रबुद्ध वर्ग को एकजुट कर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का माध्यम है। इसके पश्चात प्रकोष्ठ के जिला संयोजक इंजीनियर त्रिलोक नाथ गर्ग ने भविष्य की रणनीतियों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि भाजपा का बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ नीति-निर्माण, जनजागरण और विचार-विमर्श का सशक्त मंच है, जो समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करेगा। उन्होंने प्रकोष्ठ के माध्यम से शैक्षणिक, सामाजिक और वैचारिक कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर देते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की बात कही। दूसरे सत्र में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए भाजपा के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जिसने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर कार्य किया है। पार्टी ने अपने सिद्धांतों और कार्यकर्ताओं की निष्ठा के बल पर देशभर में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज के हर वर्ग के साथ संवाद स्थापित करें। राकेश ठाकुर ने यह भी कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और इसी के आधार पर पार्टी ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। बौद्धिक उद्बोधन देते हुए प्रदेश सह-संयोजक एवं हमीरपुर जिला के प्रकोष्ठ-प्रभारी डॉ. सतीश शर्मा ने “इनोवेटिव एजुकेशन” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार समय की आवश्यकता है और भाजपा सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और कौशल विकास को शिक्षा प्रणाली में शामिल करने पर बल दिया, जिससे युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा सके। बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रो. रविंद्र ठाकुर ने अपने मार्गदर्शन में प्रकोष्ठ की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा का बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ समाज के प्रबुद्ध वर्ग को नीति एवं विचारधारा से जोड़ने का कार्य करता है। यह प्रकोष्ठ न केवल वैचारिक मजबूती प्रदान करता है, बल्कि समाज में सकारात्मक विमर्श को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्रवाद, सुशासन और विकास के विषयों को जन-जन तक पहुंचाने में बुद्धिजीवी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रो. ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे शोध, लेखन और संवाद के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाएं और भाजपा की नीतियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें। अंत में प्रेम सिंह भरमौरिया ने धन्यवाद प्रस्ताव रखते हुए सभी उपस्थित अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और बैठक के सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी।