सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लग कढ़ियार के अंबेडकर भवन और टौणी देवी मंदिर में आयोजित महिला मंडल सम्मान समारोहों में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने 38 महिला मण्डलों को सम्मानित किया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में लगभग 700 महिलाओं ने भाग लेकर इसे एक ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से आई मातृशक्ति का उत्साह, सहभागिता और ऊर्जा देखते ही बन रही थी, जिसने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया।
समारोह के दौरान 80 वर्षीय रसिलो देवी सहित 12 वरिष्ठ बुजुर्ग महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने अपने जीवन के अनुभवों और समाज में दिए गए योगदान के माध्यम से एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने सभी वरिष्ठ महिलाओं के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया और उन्हें शाल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस भावपूर्ण दृश्य ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों के सम्मान की परंपरा को सजीव रूप से दर्शाया।
कार्यक्रम की शुरुआत मातृशक्ति द्वारा ढोल-नगाड़ों के साथ विधायक के भव्य स्वागत एवं अभिनन्दन के साथ हुई। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुए इस स्वागत ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। महिलाओं ने अपने अलग अंदाज में गीत गाकर विधायक के प्रति अपना स्नेह, आशीर्वाद और सम्मान प्रकट किया। पारंपरिक गीतों की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बना दिया।
विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने अपने सम्बोधन में मातृशक्ति की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समाज के निर्माण और विकास में महिलाओं का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि उन्हें अत्यंत खुशी हो रही है कि आज इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित होकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी और जागरुकता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मातृशक्ति के अंदर जो उत्साह और ऊर्जा दिखाई दे रही है, वही उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और समाज की सेवा करने की प्रेरणा देती है।
विधायक ने आगे कहा कि जब से उन्हें जनता ने सेवा का अवसर दिया है, तब से लेकर आज तक वे निरंतर जनता के साथ और जनता के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके द्वारा किए जा रहे सभी विकास कार्यों के पीछे जनता का सहयोग, विश्वास और विशेष रूप से मातृशक्ति का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में भी वे इसी समर्पण और निष्ठा के साथ क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी महिला मण्डलों, आयोजकों और उपस्थित जनसमूह का हृदय से धन्यवाद किया। उन्होंने महिला मण्डलों को सम्मान स्वरूप कुर्सियां भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की और समाज में उनकी सक्रिय भूमिका को और मजबूत करने का संदेश दिया।
यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम साबित हुआ।।