मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बहुत ही सराहनीय योजनाएं आरंभ की हैं। इसी कड़ी में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की खरीद पर सब्सिडी दी जा रही है। वीरवार को यहां कृषि उपनिदेशक कार्यालय परिसर के सम्मेलन हॉल में कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत सब्सिडी वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि हाल ही में जिला हमीरपुर के 182 किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर लगभग 26 लाख रुपये की सब्सिडी राशि जारी की गई है। इस अवसर पर उन्होंने प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से इन लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में सब्सिडी की राशि हस्तांतरित की।
कार्यक्रम में उपस्थित कृषि यंत्रीकरण योजना के लाभार्थी किसानों को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं की सुनवाई के लिए वह मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार लगातार गांवों का दौरा कर रहे हैं। वह ग्रामीणों की सभी समस्याओं का निवारण सुनिश्चित कर रहे हैं और लोगों की अन्य जरुरतों एवं मांगों के बारे में भी मुख्यमंत्री को अवगत करवा रहे हैं।
गत साढे तीन वर्षों के दौरान हमीरपुर के विकास की चर्चा करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के लिए मेडिकल कालेज के साथ-साथ पहला अलाइड हैल्थ सर्विसेज कालेज, नर्सिंग कालेज, डेंटल कालेज, कैंसर केयर संस्थान, मातृ-शिशु अस्पताल, अत्याधुनिक मशीनें एवं रोबोटिक सर्जरी तथा अन्य आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया है। आयुर्वेद का एम्स स्तर का उत्कृष्ट संस्थान भी जिला हमीरपुर को मिलने वाला है। प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा, पहला डेडिकेटड साइंस कालेज, सीबीएसई स्कूल और अन्य संस्थान भी हमीरपुर को दिए गए हैं। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि चुनौतीपूर्ण आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद मुख्यमंत्री ने प्रदेश का चहुमुखी विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित किसानों के साथ सीधा संवाद भी किया और उनसे विभिन्न योजनाओं का फीडबैक भी लिया।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीडी शर्मा, आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक राकेश धीमान, जिला कृषि अधिकारी राजेश कुमार, मृदा संरक्षण अधिकारी अशोक कुमार और अन्य अधिकारियों ने सुनील शर्मा बिट्टू का स्वागत किया तथा उन्हें विभाग की विभिन्न योजनाओं की ताजा स्थिति से अवगत करवाया। कार्यक्रम में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, खाद्य आपूर्ति निगम के बीओडी मैंबर विक्रम शर्मा, कृषि विभाग के अधिकारी और कांग्रेस के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।