डोर-टू-डोर जनसंपर्क के दौरान जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे नरेश कुमार दर्जी, दो परिवारों को ₹20 हजार की आर्थिक सहायता

डोर-टू-डोर जनसंपर्क के दौरान जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे नरेश कुमार दर्जी, दो परिवारों को ₹20 हजार की आर्थिक सहायता
भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लगमनवी के घुमारु गांव में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के दौरान पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) ने ग्रामीण परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान दो ऐसे परिवार सामने आए, जो गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। जनसंपर्क के दौरान नरेश कुमार दर्जी ने श्रीमती कृष्णी देवी के परिवार से मुलाकात की। परिजनों ने बताया कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति अत्यंत गंभीर है और चिकित्सकों ने उपचार की सीमित संभावनाएं बताते हुए घर पर ही सेवा-सुश्रूषा करने की सलाह दी है। परिवार लंबे समय से बीमारी और आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा है। इसके अलावा उन्होंने श्री शेर सिंह के परिवार का भी हालचाल जाना। बीमारी और आर्थिक संकट के कारण परिवार की स्थिति अत्यंत दयनीय पाई गई। दोनों परिवारों की परिस्थितियों को देखते हुए नरेश कुमार दर्जी ने अपनी ओर से ₹10,000-₹10,000 (कुल ₹20,000) की आर्थिक सहायता प्रदान की, ताकि उन्हें इस कठिन समय में कुछ राहत मिल सके। इस अवसर पर नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य लोगों की समस्याओं को समझना और संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा होना है। उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा का प्रत्येक परिवार उनके अपने परिवार के समान है और कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति स्वयं को अकेला महसूस न करे, यही उनका प्रयास रहेगा। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी अपील की कि वे जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आएं, क्योंकि सामूहिक सहयोग और संवेदनशीलता से ही एक मजबूत एवं मानवीय समाज का निर्माण संभव है। अंत में नरेश कुमार दर्जी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि श्रीमती कृष्णी देवी को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें तथा श्री शेर सिंह और उनके परिवार को साहस, धैर्य एवं बेहतर भविष्य का आशीर्वाद दें।