भारतीय जनता पार्टी के भोरंज एवं समीरपुर मंडल की संयुक्त बैठक का आयोजन होटल सन स्काई, बस्सी में किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने की। बैठक में जिला सह प्रभारी प्रियव्रत शर्मा, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, डॉ. अनिल धीमान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देशराज शर्मा, भोरंज मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर, समीरपुर मंडल अध्यक्ष अभयवीर सहित दोनों मंडलों के पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनावों तक सीमित नहीं है, बल्कि निरंतर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना, उनका समाधान करवाना और केंद्र तथा प्रदेश में भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी नीतियों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने दोनों मंडलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पार्टी संगठन की आधारभूत इकाई है और बूथ को मजबूत करने से ही संगठन को व्यापक स्तर पर मजबूती मिलती है। कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय, अनुशासन और सक्रियता के साथ कार्य करते हुए पार्टी की विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
राकेश ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी द्वारा निर्धारित विभिन्न संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए मंडल स्तर पर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा संगठन के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
बैठक में मंडल स्तर पर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने का संकल्प लिया।