राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के विभिन्न सर्वेक्षणों में करें सहयोग

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के विभिन्न सर्वेक्षणों में करें सहयोग
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के उप क्षेत्रीय कार्यालय, हमीरपुर के सहायक निदेशक रूपेश जालवाल ने बताया कि जनहित एवं नीति-निर्माण के लिए एनएसओ की ओर से समय-समय पर सर्वेक्षण किए जाते हैं। इसी कड़ी में अगस्त माह में भी विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सांख्यिकीय सर्वेक्षण किए जाएंगे। ये सर्वेक्षण जन-कल्याण व नीति निर्माण के लिए बहुत जरूरी है। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से मुख्य रूप से आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, राष्ट्रीय परिवार आय सर्वेक्षण, प्रवासन सर्वेक्षण, ऋण व निवेश सर्वेक्षण, स्थिति आकलन सर्वेक्षण, अनिगमित क्षेत्र के प्रतिष्ठानों का वार्षिक सर्वेक्षण तथा अन्य निर्धारित विषयों से संबंधित सूचनाएं एकत्रित की जाएंगी। सर्वेक्षण कार्य के लिए राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय के अधिकृत कनिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी, सर्वे प्रगणक व सर्वे पर्यवेक्षक हमीरपुर, ऊना व बिलासपुर जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे तथा वैज्ञानिक प्रतिदर्श पद्धति के आधार पर चयनित परिवारों से निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से जानकारी प्राप्त करेंगे। सहायक निदेशक ने बताया कि अगस्त में हमीरपुर जिले के गांव दुगनेहडा, सुनवीं राजपूतां व पट्टा, ऊना जिले की गांव चलौल बेहड़, चांदपुर, मुबारकपुर, धर्मपुर, कोटला खास व जरोला तथा बिलासपुर जिले के गांव अमरपुर, संदौली व बोहड़ में सर्वेक्षण कार्य किया जाएगा। सहायक निदेशक ने आम नागरिकों एवं प्रतिष्ठानों से आग्रह किया है कि वे सर्वेक्षण दल को सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग प्रदान करें। नागरिकों एवं प्रतिष्ठानों द्वारा दी गई समस्त जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा उसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उ‌द्देश्यों के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, उप क्षेत्रीय कार्यालय, हमीरपुर समस्त नागरिकों से अपील करता है कि वे आपके क्षेत्र में आने वाली सर्वेक्षण टीम का सहयोग करें तथा राष्ट्र‌हित में इस महत्वपूर्ण सांख्यिकीय कार्य को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।