सांस की बीमारी से पीड़ित मरीजों को 'प्रयास' संस्था ने उपलब्ध करवाएं ऑक्सीजन कंसंट्रेटर

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में संस्था ने पहुँचाई मदद; परिजनों ने जताया आभार

सांस की बीमारी से पीड़ित मरीजों को 'प्रयास' संस्था ने उपलब्ध करवाएं ऑक्सीजन कंसंट्रेटर
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के सहयोग व मार्गदर्शन में संचालित 'प्रयास' संस्था द्वारा सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की गई है। संस्था ने विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर सदर के दो जरूरतमंद परिवारों को तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध करवाई है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत धौण कोठी गांव वलोह के हरी सिंह की माताजी व नगर परिषद बिलासपुर वार्ड न. 1 गांधी मार्केट के निवासी साजिद के चाचाजी पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से सांस की बीमारी से पीड़ित हैं। दोनों परिवारों को इस मुश्किल समय में चिकित्सा सहायता की सख्त जरूरत थी। जैसे ही यह मामला प्रयास संस्था के ध्यान में आया, संस्था ने त्वरित कदम उठाते हुए पीड़ित परिवारों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। संस्था के पदाधिकारियों द्वारा अवाहदेवी कार्यालय में दोनों मरीजों के परिजनों को स्वास्थ्य लाभ के लिए एक – एक अत्याधुनिक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर निशुल्क प्रदान किया गया। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सौंपने के दौरान प्रयास संस्था के सदस्यों ने दोनों पीड़ित मरीजों के लिए ईश्वर से उनके जल्द से जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ होने की प्रार्थना की। प्रयास संस्था में कार्यरत डॉक्टर विकास ठाकुर ने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को लेने आए मरीजों के परिजनों को इन मशीनों को प्रयोग करने की संपूर्ण जानकारी दी और भविष्य में प्रयोग करने में किसी प्रकार की कठिनाई आए तो संस्था के दूरभाष नंबर 7018112233 पर संपर्क करने के लिए भी अवगत करवाया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया की अगर किसी मरीज को इन उपकरणों की जरूरत हो तो डॉक्टर की पर्ची दिखा कर व अन्य जरूरी कागज दिखा कर प्रयास संस्था के अवाहदेवी स्थित कार्यालय मे संपर्क करके प्राप्त कर सकते है । परिजनों ने व्यक्त किया धन्यवाद: इस संकट की घड़ी में समय पर मिली इस बड़ी सहायता के लिए दोनों मरीजों के परिजनों ने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर तथा प्रयास संस्था का सहदिल से धन्यवाद और आभार प्रकट किया है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी संस्था के इस पुनीत कार्य की सराहना की है।