विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के तहत ना क्षेत्र के लोगों को जल्द ही पानी की किल्लत से स्थायी निजात मिलने वाली है। विधायक आशीष शर्मा के प्रयासों से क्षेत्र की एक बड़ी पेयजल परियोजना को केंद्र सरकार और नाबार्ड की वित्तीय मंजूरी मिल गई है। इस योजना के तहत जल शक्ति विभाग हमीरपुर के नाल्टी अनुभाग के अंतर्गत विभिन्न पेयजल योजनाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 19.12 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
इस बजट से नाल्टी अनुभाग के तहत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही, पुरानी पम्पिंग मशीनरी को अपग्रेड करते हुए उनका आधुनिकीकरण और ऑटोमेशन किया जाएगा। इस तकनीक के आने से न केवल पानी की बर्बादी रुकेगी, बल्कि सप्लाई सिस्टम भी पूरी तरह हाईटेक हो जाएगा। योजना को मंजूरी मिलने पर विधायक आशीष शर्मा ने केंद्र सरकार, नाबार्ड और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।
विधायक ने कहा कि मेरा एकमात्र लक्ष्य हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना है। इस योजना के धरातल पर उतरने से नाल्टी अनुभाग की विभिन्न पंचायतों के बाशिंदों को शुद्ध, स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विधायकप्राथमिकता के तहत गांव तलाशी को जोड़ने वाली सड़क को मंजूरी मिली थी, जिसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अब इस पेयजल योजना के पास होने से क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर है।
उधर , विधायक आशीष शर्मा की इस प्राथमिकता और दूरदर्शिता की सराहना करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष शहरी श्रीपाल शर्मा ने उनका धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि शहरी मंडल के तहत नाल्टी अनुभाग की पंचायतों में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई थी, जिसका समाधान अब इस बड़ी सौगात के माध्यम से जल्द ही होने जा रहा है।