हमीरपुर में अनुराग सिंह ठाकुर के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों Gen-Z बच्चों ने लिया हिस्सा

हमीरपुर में अनुराग सिंह ठाकुर के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों Gen-Z बच्चों ने लिया हिस्सा
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हमीरपुर में शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भोटा चौक से शुरू होकर गांधी चौक तक पहुंची इस यात्रा में हजारों Gen-Z बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल एवं आशीष शर्मा, पूर्व विधायक राजिंदर सिंह राणा, विजय अग्निहोत्री, कमलेश कुमारी एवं डॉ. अनिल धीमान, पार्टी के जिला और मंडलों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और “तिरंगे के सम्मान में, Gen-Z मैदान में” के नारों से माहौल गूंज उठा। अनुराग सिंह ठाकुर के साथ बच्चों ने पूरे जोश के साथ नारे लगाए और भारत माता तथा तिरंगे के प्रति अपने प्रेम और सम्मान का प्रदर्शन किया। बच्चों की भारी भागीदारी ने तिरंगे के प्रति नई पीढ़ी के जुड़ाव और राष्ट्रभक्ति की भावना को उजागर किया। तिरंगा स्वतंत्रता, एकता और गौरव का प्रतीक: अनुराग सिंह ठाकुर अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की स्वतंत्रता, एकता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा हमें भारत की सांस्कृतिक विविधता में निहित एकता की याद दिलाता है। इसे फहराना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और सम्मान की बात है। तिरंगा केवल हमारे राष्ट्र की पहचान नहीं, बल्कि हमें अपनी जिम्मेदारियों और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर हम सभी अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और राष्ट्रभक्ति के इस महाअभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और Gen-Z से आह्वान किया कि वे तिरंगे के सम्मान को अपने जीवन में सर्वोच्च स्थान दें और देश के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। विभाजन विभीषिका के पीड़ित परिवारों के साहस को किया नमन अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर हम उन सभी पीड़ित परिवारों के साहस और संघर्ष को नमन करते हैं, जो देश के निर्मम विभाजन से प्रभावित हुए। लाखों लोग बेघर हुए, अनेकों ने अपने प्राण गंवाए और अनगिनत परिवारों ने अपने पिता, पुत्र, मां, बहन, बेटियों और अपने प्रियजनों को खोया। असहनीय पीड़ा और यातनाओं के बावजूद उन परिवारों ने शून्य से अपने जीवन की नई शुरुआत की और तमाम विपरीत परिस्थितियों को अवसर में बदलते हुए राष्ट्र की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि हम उन सभी परिवारों के जज्बे और जीवट को करबद्ध नमन करते हैं। हमें संकल्प लेना चाहिए कि किसी भी प्रकार के विभाजनकारी और अलगाववादी तत्वों को कभी पनपने नहीं देंगे। फिर कभी अपनी मातृभूमि, अपने भारत का बंटवारा नहीं होने देंगे और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करेंगे। अमर शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा के बलिदान को किया याद अनुराग सिंह ठाकुर ने कारगिल युद्ध के अमर शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा को भी श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि कैप्टन विक्रम बत्रा जैसे वीर सपूतों ने देश की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस, उनका अदम्य शौर्य और मातृभूमि के लिए समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि देश के इन अमर शहीदों के बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्रता और सम्मान के साथ तिरंगा लहराते हैं। राहुल गांधी की भाषा उनके पालन-पोषण और संस्कारों पर सवाल खड़े करती है: अनुराग सिंह ठाकुर कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में अनुराग सिंह ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति में मतभेद और असहमति अपनी जगह हैं, लेकिन राहुल गांधी की भाषा अब उनके पालन-पोषण और संस्कारों पर सवाल खड़े करने लगी है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार की महिलाएं देश के सर्वोच्च पदों पर रही हैं, उसी परिवार से आने वाले राहुल गांधी द्वारा एक महिला राष्ट्राध्यक्ष के बारे में अशोभनीय टिप्पणी करना उनकी मानसिकता को दर्शाता है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन इसकी आड़ में संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों और महिलाओं के प्रति अशोभनीय भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं हो सकता। सार्वजनिक जीवन में मर्यादा, सम्मान और गरिमा का पालन किया जाना चाहिए।