अनुराग ठाकुर पर भ्रामक बयान देने के लिए कांग्रेस पर बरसे राकेश ठाकुर

विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक-2025 पर गठित जेपीसी में सदस्य के रूप में अनुराग ठाकुर निभाएंगे अहम भूमिका अनुशासनहीनता के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं: राकेश ठाकुर

अनुराग ठाकुर पर भ्रामक बयान देने के लिए कांग्रेस पर बरसे राकेश ठाकुर
भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर को संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) में सदस्य बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक-2025 पर गठित जेपीसी में अनुराग ठाकुर की नियुक्ति उनके अनुभव, दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। जेपीसी की भूमिका स्पष्ट करते हुए राकेश ठाकुर ने कहा कि यह समिति विधेयक के प्रत्येक प्रावधान का गहन अध्ययन करेगी, शिक्षा विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं, राज्यों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श करेगी तथा आवश्यक संशोधनों की सिफारिश कर इसे और अधिक प्रभावी एवं व्यवहारिक बनाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अनुराग ठाकुर अपने अनुभव और दृष्टिकोण से इस विधेयक को सशक्त एवं सर्वसमावेशी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, विशेषकर अनुराग सिंह ठाकुर, के खिलाफ निराधार और भ्रामक बयानबाजी कर संसद के भीतर और बाहर राहुल गांधी के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर राष्ट्रीय मुद्दों पर सार्थक बहस करने के बजाय राहुल गांधी अक्सर सदन की कार्यवाही में व्यवधान, व्यक्तिगत टिप्पणियां और तथ्यहीन आरोप लगाने का रास्ता अपनाते हैं। बिना प्रमाण के आरोप लगाना, बहस से बचना और संवेदनशील विषयों पर विरोधाभासी बयान देना उनकी राजनीतिक अपरिपक्वता को दर्शाता है। राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा के नेता सदैव तथ्यों के साथ अपनी बात रखते हैं और संसदीय गरिमा को बनाए रखते हैं, जबकि कांग्रेस नेतृत्व अक्सर मुद्दों से भटककर राजनीति करने का प्रयास करता है। वहीं, हमीरपुर भाजपा के एक मंडल में पोस्टरों के साथ की गई छेड़छाड़ के विषय में बोलते हुए राकेश ठाकुर ने कहा कि अनुशासन और संगठनात्मक मर्यादा के मामले में पार्टी का रुख पूरी तरह स्पष्ट और कठोर है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल एवं अनुराग सिंह ठाकुर के पोस्टरों के साथ जो भी किया गया, चाहे जानबूझकर या अनजाने में, वह पूर्णतः अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ पार्टी के नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। “भारतीय जनता पार्टी में अनुशासनहीनता के लिए कोई स्थान नहीं है। संगठन की मजबूती अनुशासन, नेतृत्व के प्रति सम्मान और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता पर आधारित है,” उन्होंने स्पष्ट किया।