उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन का सशक्त मॉडल बनकर उभरा: अनुराग सिंह ठाकुर

डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को भयमुक्त और निवेश के लिए सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया: अनुराग सिंह ठाकुर कानून व्यवस्था में सुधार और आर्थिक प्रगति उत्तर प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी ताकत: अनुराग सिंह ठाकुर

उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन का सशक्त मॉडल बनकर उभरा: अनुराग सिंह ठाकुर
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट कर विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को उत्तर प्रदेश सरकार ने आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के रूप में प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज डबल इंजन सरकार के सफल मॉडल के रूप में उभरकर सामने आया है, जहाँ निर्णायक नेतृत्व, प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी नीतियों ने विकास को नई गति दी है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य आज सुरक्षित, समृद्ध, निवेश-अनुकूल और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति अत्यंत प्रभावशाली रही है। वर्ष 2016-17 में राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 13.30 लाख करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 30.25 लाख करोड़ रुपये हो गया है। वर्ष 2025-26 में इसके 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचने का अनुमान है। इस अवधि में राज्य की औसत वार्षिक विकास दर 10.8 प्रतिशत रही है। राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी भी 8.6 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 9.1 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य का बजट वर्ष 2017-18 के लगभग 3.85 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2026-27 में रिकॉर्ड 9.12 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जिसमें 19.5 प्रतिशत राशि पूंजीगत व्यय के लिए निर्धारित की गई है। प्रति व्यक्ति आय भी वर्ष 2016-17 के 54,564 रुपये से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 1,09,844 रुपये हो गई है तथा वर्ष 2025-26 में इसके लगभग 1.20 लाख रुपये तक पहुँचने का अनुमान है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि ये आँकड़े उत्तर प्रदेश में नीति की स्थिरता, वित्तीय अनुशासन और विकासोन्मुखी शासन की सफलता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भयमुक्त और माफिया-मुक्त राज्य के रूप में स्थापित हुआ है। संगठित अपराध के विरुद्ध सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति, गैंगस्टर्स एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कठोर कार्रवाई, अवैध संपत्तियों की जब्ती और ध्वस्तीकरण तथा तकनीक आधारित पुलिस व्यवस्था ने कानून के राज को मजबूत किया है। राज्य सरकार के अनुसार 68 चिन्हित माफिया नेटवर्क के विरुद्ध 1,459 मामले दर्ज किए गए तथा 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्तियाँ जब्त की गईं। वर्ष 2017 से दिसंबर 2025 के बीच 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की आपराधिक संपत्तियों पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था के कारण नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों, उद्यमियों और निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि सुरक्षा, बेहतर कनेक्टिविटी और कारोबार के अनुकूल वातावरण के कारण उत्तर प्रदेश निवेश का प्रमुख केंद्र बन गया है। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के बाद लगभग 10 लाख करोड़ रुपये के 14,000 से अधिक निवेश परियोजनाओं का क्रियान्वयन हुआ है, जिनसे लगभग 33.5 लाख रोजगार सृजित होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त राज्य में लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश संबंधी समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश ने ऐतिहासिक प्रगति की है। राज्य में वर्तमान में 1,194 किलोमीटर लंबाई के पाँच एक्सप्रेसवे संचालित हैं, जबकि 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे निर्माणाधीन है। वर्ष 2014 में 7,986 किलोमीटर का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क बढ़कर वर्ष 2025 तक 10,718 किलोमीटर हो गया है। वर्ष 2026-27 के बजट में सड़कों और पुलों के लिए 34,468 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे औद्योगिक विकास, रोजगार और कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने जन आकांक्षाओं को उपलब्धियों में बदलने का कार्य किया है। उत्तर प्रदेश आज काम दमदार, डबल इंजन सरकार का सशक्त उदाहरण बनकर देश के सामने उभरा है।