धनेटा में स्थापित होगा आयुर्वेद कालेज एवं एम्स स्तरीय संस्थान : सुनील शर्मा बिट्टू

11वंे राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर लंबलू में किया जिला स्तरीय समारोह एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ

धनेटा में स्थापित होगा आयुर्वेद कालेज एवं एम्स स्तरीय संस्थान : सुनील शर्मा बिट्टू
11वंे राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य पर आयुष विभाग ने बुधवार को लंबलू के आयुर्वेदिक अस्पताल में जिला स्तरीय समारोह और मल्टी स्पेशियलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने दीप प्रज्जवलन एवं धनवंतरि पूजन के साथ इस शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सकों, अन्य कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद और योग हमें जिंदगी भर पूर्ण रूप से स्वस्थ रख सकते हैं। इन पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कई सराहनीय निर्णय लिए हैं। सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि मुख्यमंत्री ने धनेटा में आयुर्वेद कालेज एवं एम्स (ऑल इंडिया स्तर का संस्थान) स्तर का उत्कृष्ट संस्थान स्थापित करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है। इस संस्थान के लिए प्रारंभिक चरण की बिडिंग के बाद हिमाचल प्रदेश का नाम शॉर्टलिस्ट हो गया है। इससे धनेटा में आयुर्वेद का एम्स संस्थान खुलने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कालेज के नए कैंपस में नर्सिंग कालेज और डेंटल कालेज के साथ-साथ अलाइड हेल्थ सर्विसेज कालेज का भी प्रावधान किया है। इसी साल से अलाइड हेल्थ सर्विसेज का बैच शुरू हो रहा है। मेडिकल कालेज में ही कैंसर केयर संस्थान, एक अलग मातृ-शिशु अस्पताल और क्रिटिकल केयर यूनिट भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के लिए प्रदेश का सबसे बड़ा बस स्टैंड, नगर निगम, सिटी सेंटर और कई अन्य बड़ी परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। इससे हमीरपुर को एक नई पहचान मिल रही है। इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. तनूजा नागपाल ने सुनील शर्मा बिट्टू, अन्य अतिथियों तथा शिविर में चैकअप के लिए आए सभी लोगों का स्वागत किया तथा आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति एवं आयुर्वेद दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, खाद्य आपूर्ति निगम के बीओडी मैंबर विक्रम शर्मा, एचपीएमसी और हिमकोफैड के बीओडी मैंबर राजेश ठाकुर, कांग्रेस नेता डॉ. आरसी डोगरा, शहनशाह, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, आयुष विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक, स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।